हिमाचल विस का शीतकालीन सत्र 4 जनवरी से होगा
धर्मशाला, सोमवार, 02 जनवरी 2023। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार जनवरी से छह जनवरी तक तपोवन में होगा। सत्र के पहले दिन चार जनवरी को शपथ ग्रहण, प्रतिज्ञान तथा अन्य शासकीय और विधायी कार्य रहेंगे और पांच जनवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव और राज्यपाल का अभिभाषण रहेगा। छह जनवरी तक चलने वाले सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, चर्चा तथा अन्य शासकीय और विधायी कार्य अमल में लाये जाएंगे। सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। प्रोटेम स्पीकर चन्द्र कुमार ने अधिकारियों से विधानसभा के शीतकालीन सत्र के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सत्र के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रूप से बनाये रखने के लिए समुचित प्रबन्ध करने को कहा है तथा यातायात की व्यवस्था को सुचारु रखा जाये ताकि जनमानस को किसी प्रकार की कोई दिक्कत पेश न आये। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए क्षेत्र में उपायुक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात की दृष्टि से धर्मशाला को सात सेक्टर में बांटा गया है जिससे लोगों और पर्यटकों को भी इस दौरान कहीं जाने में असुविधा न हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग, पर्यटन, स्वास्थ्य, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, अग्निश्मन एवं जिला सूचना सहित अन्य विभागों से जुड़े तमाम प्रबंधों की भी समीक्षा की। बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दियेे।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री और अन्य प्रतिनिधियों से मिलने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जोरावर स्टेडियम से विधानसभा परिसर तक निशुल्क यातायात व्यवस्था रहेगी। इसके लिए प्रोटेम स्पीकर द्वारा परिवहन विभाग को दो इलेक्ट्रिकल वैन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
Similar Post
-
राउत ने सांसदों को 50 करोड़ रुपये का प्रलोभन दिए जाने का आरोप लगाया, बागियों को इस्तीफे की चुनौती दी
मुंबई, बुधवार, 17 जून 2026। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ( ...
-
सुक्खू ने केंद्र से बढ़ी मुफ्त बिजली रॉयल्टी, 7784 करोड़ रुपये ऊर्जा बकाया जारी करने की मांग की
नई दिल्ली, बुधवार, 17 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सु ...
-
केरल सरकार ने 'पीएम श्री' पर गौर करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति बनायी है: सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 17 जून 2026। केरल के मुख्यमंत्री वी डी सत ...
