येदियुरप्पा के बेटे को मंत्री बनाने से बचने को मंत्रिमंडल विस्तार नहीं कर रहे बोम्मई: सिद्धारमैया
कलबुर्गी, सोमवार, 06 फ़रवरी 2023। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने सोमवार को दावा किया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के मंत्रिमंडल विस्तार नहीं करने के पीछे का ‘रहस्य’ यह है कि वह भाजपा के दिग्गज नेता बी एस येदियुरप्पा के बेटे को मंत्री नहीं बनाना चाहते हैं । कांग्रेस नेता ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि इसका एक दूसरा कारण यह भी है कि ‘अधिक से अधिक रिश्वत’ लेने के लिये बोम्मई मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद नहीं कर रहे हैं और विभिन्न विभागों को अपने पास रख रहे हैं।
सिद्धारमैया ने दावा किया, भारतीय जनता पार्टी ने येदियुरप्पा के साथ अन्याय किया, पार्टी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ मिल कर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया और बसवराज बोम्मई को इस पद पर बिठाया। येदियुरप्पा और बोम्मई के बीच अनबन अब इस बात को लेकर है कि मुख्यमंत्री कैबिनेट का विस्तार नहीं कर रहे, ताकि पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को मंत्री बनाने से बचा जा सके। उन्होंने कहा, अगर मंत्रिमंडल का विस्तार होता है, तो उन्हें येदियुरप्पा के बेटे को मंत्री बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया और छह विभागों को रिक्त रखा है, इसको अब डेढ़ साल से अधिक वक्त हो चुका है। मुख्यमंत्री के अपने पास कई विभाग रखने की ओर इशारा करते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि ऐसा वह इसलिये कर रहे हैं, क्योंकि इससे उन्हें (बोम्मई को) अधिक रिश्वत मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि ये दो मुख्य कारण हैं, जिसकी वजह से बोम्मई कैबिनेट का विस्तार नहीं कर रहे हैं ।
मुख्यमंत्री बोम्मई के पास करीब एक चौथाई विभाग हैं और वह उनमें से आठ के प्रभारी हैं, जिसमें ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग, बेंगलुरू शहर विकास और वित्त विभाग शामिल हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में बोम्मई हाल के महीनों में बार-बार कहते रहे हैं कि आला कमान से उनकी बात हुयी है और उसकी ओर से हरी झंडी मिलने के बाद वह इसका विस्तार करेंगे । प्रदेश में इस साल मई में विधानसभा चुनाव होना है।
Similar Post
-
रेखा गुप्ता ने डीयू के ‘नॉर्थ कैंपस’ में और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
-
सिक्किम में 11 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे
गंगटोक, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। सिक्किम का निर्वाचन विभाग विश ...
-
सीमारपुरी इमारत हादसा: मलबे से दो और शव निकले, मृतक संख्या पांच हुई
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। दिल्ली के सीमापुरी इलाके म ...
