वाम मोर्चा ने त्रिपुरा विस चुनाव परिणाम को ‘अप्रत्याशित’ बताया
अगरतला, शनिवार, 04 मार्च 2023। वाम मोर्चा ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजों को ‘‘अप्रत्याशित’’ बताते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी दलों के बीच मतों के बंटवारे से भाजपा को कम सीटें मिलने के बावजूद चुनाव जीतने में मदद मिली। वाम मोर्चा ने यह भी दावा किया कि हाल में संपन्न चुनावों में करीब 60 प्रतिशत जनादेश भाजपा के खिलाफ था, क्योंकि चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत 39 प्रतिशत रहा। वाम मोर्चा के संयोजक नारायण कर ने एक समाचार विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अगर पांच साल के कुशासन और लोगों की राय को देखें तो परिणाम संतोषजनक नहीं हैं। भाजपा के खिलाफ करीब 60 प्रतिशत जनादेश यह दर्शाता है कि लोग एक खास पार्टी पर भरोसा नहीं करते।’’
इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत 2018 के 43.59 प्रतिशत के मुकाबले 39 प्रतिशत रह गया है। साठ- सदस्यीय विधानसभा में उसकी सीट भी 36 के मुकाबले 32 हो गयी हैं। माकपा का मत प्रतिशत भी 42.70 प्रतिशत से कम होकर 24 प्रतिशत रह गया है, जबकि कांग्रेस ने अपने मत प्रतिशत में सुधार किया है और यह 1.41 प्रतिशत से बढ़कर 8.56 प्रतिशत पर पहुंच गया है। टिपरा मोठा को करीब 20 प्रतिशत वोट मिले और उसने आदिवासी इलाकों में 13 सीट जीती। कर ने कहा कि भाजपा विरोधी दलों के बीच मत विभाजन से कम सीट होने के बावजूद भाजपा का सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कुछ इलाकों में चुनाव-बाद हिंसा पर चिंता जताते हुए उन्होंने सरकार, प्रशासन तथा पुलिस से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाने का अनुरोध किया।
Similar Post
-
सीजेपी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं: दीपके
नागपुर, मंगलवार, 16 जून 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस् ...
-
अयोध्या में सक्रिय "सनातन विरोधी" गिरोह का पता लगाने के लिए गहन जांच होनी चाहिए: अखिलेश
लखनऊ, मंगलवार, 16 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध ...
-
ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर विधानसभा चुनाव नतीजे को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी
कोलकाता, मंगलवार, 16 जून 2026। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर् ...
