श्रीलंकाई नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया, स्टालिन ने केंद्र के समक्ष उठाया मामला
चेन्नई, गुरुवार, 23 मार्च 2023। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने श्रीलंका की नौसेना द्वारा राज्य के मछुआरों को कथित रूप से परेशान किए जाने के ‘‘चिंताजनक रूप से बढ़ते मामलों’’ पर बृहस्पतिवार को चिंता व्यक्त की और केंद्र से श्रीलंका की हिरासत से 28 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। स्टालिन ने तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी के हालिया मामले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इनमें से 12 को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया और श्रीलंकाई नौसेना ने उनकी दो नौकाएं भी जब्त कर लीं। स्टालिन ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘केवल इसी साल श्रीलंकाई नौसेना ने अब तक 28 मछुआरों को और मछलियां पकड़ने वाली उनकी चार नौकाओं को पकड़ा है। यह अत्यंत दुखद है कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हमारे मछुआरों को परेशान किए जाने के मामले चिंतानजनक रूप से बढ़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु सरकार ने अपने मछुआरों की गिरफ्तारी के इस प्रकार के बढ़ते मामलों को रेखांकित करते हुए विरोध में कई पत्र लिखे हैं। इसके बावजूद ये घटनाएं जारी हैं।’’ स्टालिन ने कहा कि भारत सरकार की कूटनीतिक पहलों के बावजूद भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी और उन पर ‘‘हिंसक’’ हमले बेरोकटोक जारी हैं। उन्होंने केंद्र से पाक जलडमरू में तमिलनाडु के मछुआरों के ‘‘मछली पकड़ने के ऐतिहासिक अधिकारों का उल्लंघन’’ करने के लिए श्रीलंकाई नौसेना द्वारा बार-बार किए जाने वाले प्रयासों को ‘‘स्थायी रूप से बंद कराने’’ के ठोस प्रयास करने का आग्रह किया।
स्टालिन ने कहा, ‘‘अभी तक मछलियां पकड़ने वाली तमिलनाडु की 104 नौकाएं श्रीलंका के कब्जे में हैं और जिन पांच नौकाओं को श्रीलंका ने अपने कब्जे से छोड़ा है, उन्हें अभी भारत वापस नहीं लाया गया है। इसके अलावा, 16 भारतीय मछुआरे पहले से ही श्रीलंका के कारागारों में हैं।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में निजी रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने अनुरोध किया कि संबंधित प्राधिकारियों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए सभी 28 मछुआरों और उनकी नौकाओं की वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया जाए।
Similar Post
-
मुंबई लोकल ट्रेन से चोरी हुआ 40 लाख रुपये का सोना बरामद, मालिक को लौटाया गया
मुंबई, बुधवार, 05 अगस्त 2026। मुंबई की एक लोकल ट्रेन से करीब तीन ...
-
चांदीपुरा वायरस: स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुजरात, राजस्थान में विशेषज्ञों के दल भेजे
नई दिल्ली, बुधवार, 05 अगस्त 2026। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय न ...
-
बंगाल: शुभेंदु अधिकारी ने दो थानों तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया
कोलकाता, बुधवार, 05 अगस्त 2026। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभ ...
