जनता ने बनाया मन, कांग्रेस को पूरा समर्थन : अशोक बुवानीवाला
भिवानी, रविवार, 29 अक्टूबर 2023। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अशोक बुवानीवाला ने कहा है कि मिजोरम से लेकर तेलंगाना तक पूरा देश राहुल की मोहब्बत के रंग में सराबोर नजर आ रहा है। नौ-दस सालों से मोदी सरकार की नफरत और नाउम्मीदी के बुरे दौर को झेलते-झेलते तंग आ चुके लोग अब भाजपा से मुक्ति चाहते हैं। अशोक बुवानीवाला आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा और भाजपा समर्थित दलों की सरकार वाले प्रदेशों की जनता का विश्वास राहुल गांधी और कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों में तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस के प्रति लोगों के आश्चर्यजनक उत्साह से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जमानत जब्त होती दिख रही है और वैसे भी झूठ के दम पर मोदी जी कब तक जनता को गुमराह कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नाकामी और जनविरोधी मानसिकता के कारण देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। पूरा देश महंगाई और बेरोजगारी के जाल में फंस गया। अपनी नाकामी से देश का ध्यान भटकाने के लिए मोदी सरकार ने नफरत और प्रोपेगेंडा का सहारा लिया।
इसी का नतीजा है कि आज भाजपा शासित प्रदेशों में अराजकता और हिंसा का खतरनाक वातावरण बन गया है। यहां के विकासोन्मुखी और अमन पसंद लोगों को राहुल गांधी और कांग्रेस में अपने बच्चों और अपने प्रदेश का भविष्य नजर आ रहा है। मध्यप्रदेश से भाजपा और तेलंगाना से भाजपा रिश्तेदार समिति (बीआरएस) का बोरिया बिस्तर बंधना शुरू हो गया है। वहीं मणिपुर के लोगों को भाजपा के अत्याचार से पीड़ित देख मिजोरम के शांतिप्रिय लोगों ने भी भाजपा के सहयोगी (MNF) को सत्ता से बेदखल करने का प्रण ले लिया है। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में 'डबल इंजन की सरकार' महज 'घोटालों की सरकार' बनकर रह गई है। प्रदेश को लूटने में लिप्त शिवराज सरकार को महाकाल औऱ नर्मदा मैया से भी डर नहीं लगा। भाजपा के 18 वर्षों के शासन में वहां दलितों, आदिवासियों और महिलाओं की दुर्गति हो गई।
अशोक बुवानीवाला ने दावा किया कि कांग्रेस शासित प्रदेशों राजस्थान, छत्तीसगढ, हिमाचल और कर्नाटक में विकास की गंगा बह रही है, आम आदमी को उसका अधिकार मिल रहा है। इन प्रदेशों में जनता को अपने हक के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है, बल्कि उनके हिस्से की सरकारी सुविधाएं आसानी से उन तक पहुंच रही है। इन प्रदेशों की सरकार समाज के वंचित वर्गों की सुरक्षा के लिए तमाम योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। आज कांग्रेस शासित प्रदेशों की जनता अपनी सरकार से खुश है, सरकार जनता के हर सुख-दुःख में जनता के साथ है। कांग्रेस के सत्ता में आते ही राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल और कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में भी जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास की योजनाएं शुरू की जाएंगी।
Similar Post
-
अगले गोवा विधानसभा चुनाव के लिए समान विचारधारा वाले दलों से गठबंधन को तैयार कांग्रेस
पणजी, शनिवार, 27 जून 2026। कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह 2027 के गो ...
-
केम्पेगौड़ा जयंती के अवसर पर बेंगलुरु में लगाए जाएंगे 15 लाख पौधे: मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 27 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिव ...
-
चंपत राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, उन्हें गिरफ्तार किया जाए: दिग्विजय सिंह
उज्जैन (मध्यप्रदेश), शनिवार, 27 जून 2026। कांग्रेस के वरिष्ठ नेत ...
