राजभवन में आठ राज्यों और पांच केन्द्रशासित प्रदेशों का स्थापना दिवस मनाया
जयपुर, बुधवार, 01 नवम्बर 2023। राज्यपाल कलराज मिश्र ने बुधवार को राजभवन में आठ राज्यों छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केन्द्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए वहां के लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ये सभी प्रदेश अनेकता में एकता की भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने राजभवन में बड़ी संख्या में उपस्थित इन प्रदेशों के स्थानीय- जनों से संवाद करते हुए, भाईचारे और सद्भाव के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता सबसे पहले है। इसी के लिए सबको मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
आठ राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेश के लोगों ने राज्यपाल श्री कलराज मिश्र का राजभवन में उनके प्रदेशों का स्थापना दिवस बनाने और उन्हें बुलाकर संवाद करने के लिए आभार जताया। राज्यपाल ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि आज ही के दिन भाषा के आधार पर राज्यों के पुनर्गठन का फैसला लिया गया था। उन्होंने राज्यों की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विशेषताओं की चर्चा करते हुए कहा कि हर प्रदेश ने अखंड भारत के निर्माण में महती भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी प्रदेश के निवासियों को सामूहिक रूप से देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का भी आह्वान किया।
मिश्र ने कहा कि कहा कि सभी प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और कलाओं के साथ जन-जीवन से जुड़े संदर्भ हमें हमारी विरासत से जोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भारत विविधता में एकता की अनूठी विशेषता के कारण विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है। भाषा, रहन-सहन, खान-पान अलग-अलग होते हुए भी सभी राज्यों की संस्कृति में अपनापा है। इसीलिए हमारा देश ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ विश्व भर में अनूठी मिसाल है।
इससे पहले अपने-अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पंजाब के श्री राजीव अरोड़ा, हरियाणा की श्रीमती कमला वत्स , केरल के श्री संजीव बाबू, आंध्र प्रदेश के श्री वी.एस.आर. मूर्ति , तमिलनाडु की श्रीमती उषा श्रीनिवास राव और मध्यप्रदेश के श्री हिमांक ने राज्यपाल को अपनी अपनी संस्कृति से जुड़े सरोकारों से अवगत कराया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री सुबीर कुमार और प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविंद राम जायसवाल भी उपस्थित रहे।
Similar Post
-
राजस्थान हाईकोर्ट ने जोधपुर प्रधान पीठ की संरचनात्मक कमियों पर जताई गंभीर चिंता, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
- केंद्रीय गुंबद के पुनर्वास से जुड़े पुराने अनुबंध पर भी उठे स ...
-
NEET PG 2026 : इंटरनल पावर फेलियर के कारण iDZ सीतापुरा, जयपुर के 2 केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया अधूरी रही
- इन 2 केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को होगी पुनः परीक् ...
-
राजस्थान : डूंगरपुर के स्कूल में जर्जर कमरे की छत का हिस्सा गिरा
जयपुर, मंगलवार, 25 अगस्त 2026। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के एक र ...
