कोको गॉफ और मेदवेदेव ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में
मेलबर्न, सोमवार, 15 जनवरी 2024। अमेरिका की कोको गॉफ और रूस के दानिल मेदवेदेव ने सोमवार को यहां आसानी के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया। पिछले साल सितंबर में अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने वाली 19 वर्षीय गॉफ ने अन्ना करोलिना श्मीडलोवा को 6-3, 6-0 से हराकर लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल करने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। महिला वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त और विंबलडन चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा को हालांकि पहले दौर में बाहर का रास्ता देखना पड़ा। उन्हें दयाना यास्त्रेम्स्का ने 6-1, 6-2 से हराया। पुरुष वर्ग में तीसरी वरीयता प्राप्त मेदवेदेव ने अपने प्रतिद्वंदी टेरेंस एटमाने के मैच के बीच से हट जाने के कारण दूसरे दौर में जगह बनाई। जब 22 वर्षीय एटमाने ने हटने का फैसला किया तब मेदवेदेव 5-7, 6-2, 6-4, 1-0 से आगे चल रहे थे।
पिछले साल फाइनल में नोवाक जोकोविच से हारने वाले स्टेफानोस सितसिपास ने ज़िज़ौ बर्ग्स को 5-7, 6-1, 6-1, 6-3 से हराया। ऑस्ट्रेलियाई ओपन में 2014 के विजेता और तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टैन वावरिंका पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। उन्हें एड्रियन मन्नारिनो ने 6-4, 3-6, 5-7, 6-3, 6-0 से हराया। पिछले साल क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले बेन शेल्टन ने रॉबर्टो बॉतिस्ता अगुट को 6-2, 7-6 (2), 7-5 से जबकि अमेरिका के एक अन्य खिलाड़ी और 25वीं वरीयता प्राप्त सेबेस्तियन कोर्डा ने विट कोप्रिवा को 6-1, 6-4, 2-6, 4-6, 6-2 से हराया।
Similar Post
-
यूटीटी के सातवें सत्र में हिस्सा लेगी यूपी प्रोमेथियंस
मुंबई, मंगलवार, 31 मार्च 2026। चेन्नई लायंस की जगह यूपी प्रोमेथ ...
-
किसी और को अपनी सीमायें तय मत करने दो : शीतल देवी
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। वर्ष 2025 की सर्वश्रेष्ठ पैरा ती ...
-
सूर्यवंशी ने अपने बेखौफ खेल से चार बेहतरीन गेंदबाजों पर दबाव बनाया : बांगड़
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच स ...
