यांत्रिक ज्ञान जरूरी लेकिन नैतिक और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहें युवा: बागडे
जयपुर, बुधवार, 18 सितम्बर 2024। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बुधवार को कहा कि यांत्रिक ज्ञान जरूरी है लेकिन युवा नैतिक और मानवीय मूल्यों से जुड़े रहें। वह यहां मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के अठारहवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू थीं। बागडे ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ की जो संकल्पना संजोई है, उसका मूल आधार ही यही है कि भारत सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास की ओर आगे बढें और इसमें युवाओं की भूमिका ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अर्जित तकनीकी ज्ञान का राष्ट्र के विकास में उपयोग करने पर जोर दिया। बागडे ने एमएनआईटी में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ विभाग की स्थापना की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘यांत्रिक ज्ञान जरूरी है, लेकिन इस ज्ञान के साथ यदि नैतिक और मानवीय मूल्य जुड़े रहेंगे तभी हम ‘सबका साथ, सबका विकास’ की अवधारणा को सही मायने में सफल बना पाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की बौद्धिक संपदा हैं और उन्हें देश के लोकतंत्र और बहुलता के आदर्शों को पूरी तरह से समझते हुए ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय संस्कृति और ‘सर्वे भवन्तु सुखिन’ के अंतर्गत सबके मंगल की कामना को ध्यान में रखते हुए भविष्य के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी को राष्ट्र आराधना करते हुए देश और समाज की उन्नति के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के साथ तालमेल रखने, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने और जो भी काम मिले, उसे लगन से करने पर जोर दिया।
Similar Post
-
राजस्थानी फिल्म 'धूड़', विरासत, लालच और पारिवारिक संघर्ष की कहानी
जोधपुर, (मोहम्मद आमीन), गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026। राजस्थानी सिने ...
-
राजस्थान में ईदगाह-बांदीकुई लोकल ट्रेन का पहिया पटरी से उतरा, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026। राजस्थान के खेरली स्टेशन क ...
-
राजस्थान में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान
जयपुर, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस ...
