महिलाओं, बुजुर्गों से जुड़ी योजनाओं के लिए पंजीकरण सोमवार से शुरू करने की केजरीवाल की घोषणा
नई दिल्ली, रविवार, 22 दिसम्बर 2024। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण सोमवार से शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को 1,000 रुपये की मासिक सहायता प्रदान की जाएगी। दिल्ली सरकार ने 2024-25 के अपने बजट में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह प्रदान करने की इस योजना की घोषणा की थी। केजरीवाल ने हालांकि हाल ही में घोषणा की थी कि अगर उनकी पार्टी अगले वर्ष दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता बरकरार रखती है तो यह राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी। दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले वर्ष फरवरी में होने की संभावना है।
केजरीवाल ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “योजना के लिए पंजीकरण कल (सोमवार) से शुरू होगा और महिलाओं को पंजीकरण के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। हमारे स्वयंसेवक आपके घर आएंगे और पंजीकरण पूरा करेंगे।” उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा और दिल्ली की सभी पात्र महिला मतदाताओं को इसका लाभ मिलेगा। केजरीवाल ने साथ ही संजीवनी योजना के लिए पंजीकरण भी कल (सोमवार) से शुरू करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ के स्वयंसेवक बुजुर्गों का उनके घर पर ही पंजीकरण करेंगे। इससे पहले ‘आप’ प्रमुख केजरीवाल ने घोषणा की थी कि दिल्ली में उनकी पार्टी के सत्ता बरकरार रखने के बाद 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए ‘संजीवनी’ योजना शुरू की जाएगी। पिछले विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने दिल्ली की 70 में से 62 सीट पर जीत हासिल की थी। आप की नजर दिल्ली में विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भी जीत दर्ज करने पर है।
Similar Post
-
केजरीवाल ने ई20 और शुद्ध पेट्रोल के बीच विकल्प की मांग की; प्रधानमंत्री आवास मार्च का ऐलान
नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्री ...
-
कुलगाम आतंकवादी हमला: उमर ने मारे गए मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का किया एलान
श्रीनगर, शनिवार, 01 अगस्त 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर ...
-
भाजपा का अहंकार ही उसकी सरकार गिराएगा : अखिलेश
लखनऊ, शनिवार, 01 अगस्त 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिले ...
