तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, छह की मौत
विरुधुनगर, शनिवार, 04 जनवरी 2025। तमिलनाडु के विरुधनगर के अप्पानाइकेनपट्टी गांव में शनिवार को एक निजी पटाखा फैक्ट्री में हुए शक्तिशाली विस्फोट होने से छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार साईनाथ फायरवर्क्स फैक्ट्री में जब श्रमिक फैंसी किस्म के पटाखे बनाने के लिए अत्यधिक ज्वलनशील रसायनों को मिला रहे थे तभी जोरदार विस्फोट हुआ। शक्तिशाली विस्फोटों की एक श्रृंखला ने चार गोदाम को तहस-नहस कर दिया, जहां तैयार पटाखों और रसायनों का एक बड़ा भंडार था। सूचना मिलने के बाद सत्तूर से तमिलनाडु अग्निशमन और बचाव सेवा विभाग के कर्मी फैक्ट्री पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मीनाक्षी सुंदरम, शिवकुमार, कामराज, वेलमुरुगन, कन्नन और नागराज के रूप में हुई है। यह पता लगाने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है कि मलबे के नीचे कोई और श्रमिक दबा तो नहीं है। मलबे में फंसे शवों को दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए विरुधुनगर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रसायनों को रखते समय घर्षण के कारण आग लगी। विस्फोट होने के वास्तविक कारण की हालांकि जांच की जा रही है। जिला कलेक्टर वी.पी. जयसीलन, जो घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की, ने संवाददाताओं को बताया कि यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच चल रही है कि क्या फैक्ट्री में सुरक्षा मानदंडों का कोई उल्लंघन तो नहीं किया गया था। पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक बालाजी और शशिबालन के अलावा मैनेजर डॉस और प्रकाश सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
Similar Post
-
उप्र विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा
लखनऊ, मंगलवार, 30 जून 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी ...
-
कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं
दावणगेरे (कर्नाटक), मंगलवार, 30 जून 2026। दावणगेरे के चिगतेरी जि ...
-
त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, मंगलवार, 30 जून 2026। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष न ...
