गणतंत्र दिवस परेड: उप्र की झांकी को पहला पुरस्कार, जम्मू कश्मीर राइफल्स सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 जनवरी 2025। महाकुंभ का आयोजन प्रदर्शित करती उत्तर प्रदेश की झांकी को इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में पहला पुरस्कार मिला वहीं जम्मू कश्मीर राइफल्स के दल को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी घोषित किया गया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों में त्रिपुरा की झांकी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। त्रिपुरा की झांकी का विषय ‘सनातन श्रद्धा’ था। आंध्र प्रदेश की झांकी ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया। आंध्र प्रदेश की झांकी में पर्यावरण-अनुकूल लकड़ी के खिलौनों को प्रदर्शित किया गया था।
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में जनजातीय कार्य मंत्रालय की झांकी को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सहायक बलों की श्रेणी में दिल्ली पुलिस को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल घोषित किया गया। मंत्रालय ने कहा कि मार्चिंग दलों और विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, मंत्रालयों और केंद्र सरकार के विभागों की झांकियों का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायकों के तीन पैनल का गठन किया गया था। इसके अतिरिक्त, 26 से 28 जनवरी तक ‘‘माई गोव पोर्टल’’ पर नागरिकों से उनकी पसंदीदा झांकी और मार्चिंग टुकड़ियों को ‘पसंदीदा श्रेणी’ के रूप में वोट देने के लिए एक ऑनलाइन मतदान कराया गया।
इस ‘पोल’ में, गुजरात की झांकी (स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास) पहले स्थान पर रही जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश (महाकुंभ 2025) और उत्तराखंड (सांस्कृतिक धरोहर और साहसिक खेल) की झांकी रही। सिग्नल्स दल को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल घोषित किया गया। इस ‘पोल’ में, सीआरपीएफ का मार्चिंग दल केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी घोषित किया गया।
Similar Post
-
नासिक कुंभ मेला: श्रद्धालुओं को उपयोगी जानकारी, आपातकालीन सहायता देने के लिए नि:शुल्क ऐप विकसित
मुंबई, मंगलवार, 09 जून 2026। महाराष्ट्र में होने वाले 'नासिक-त् ...
-
बिहार के मुख्यमंत्री 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं : तेजस्वी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी ...
-
बिहार में उद्योग लगाने की प्रक्रिया हुई आसान, 30 दिन में स्वीकृति नहीं मिलने पर मिलेगा ‘डीम्ड क्लीयरेंस’ : सम्राट चौधरी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। बिहार सरकार ने राज्य में निवेश और औद् ...
