कर्नाटक सरकार ने सोना तस्करी मामले में डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव के खिलाफ जांच के आदेश दिए
बेंगलुरु, मंगलवार, 11 मार्च 2025। अभिनेत्री रान्या राव से जुड़े कथित सोना तस्करी के मामले में उनके सौतेले पिता व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव की भूमिका की जांच के लिए कर्नाटक सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) गौरव गुप्ता को नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि गौरव गुप्ता की नियुक्ति का आदेश सोमवार रात जारी किया गया। रामचंद्र राव वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास एवं अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रान्या के पास से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया था, जिसके बाद उनके आवास की तलाशी ली गई और अधिकारियों ने कहा कि 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई।
सरकारी आदेश में कहा गया है, ‘‘प्रोटोकॉल संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने के तथ्यों और परिस्थितियों की जांच तथा इस मामले में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर के राज्य के पुलिस महानिदेशक, एवं कर्नाटक राज्य पुलिस आवास एवं अवसंरचना निगम के प्रबंध निदेशक रामचंद्र राव की भूमिका की जांच के लिए एसीएस गौरव गुप्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।’’ आदेश में कहा गया है कि जांच अधिकारी को तुरंत जांच शुरू करने के साथ एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक (पुलिस बलों के प्रमुख) तथा कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के सचिव को भी उक्त जांच के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि फिल्म अभिनेत्री रान्या राव को राजस्व खुफिया निदेशालय ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह ‘‘दुबई से अवैध तरीके से सोना लेकर बेंगलुरु आ रही थीं।’’ आदेश में कहा गया है कि मामले की जांच के दौरान मीडिया में यह खबर आई कि गिरफ्तार रान्या ने हवाई अड्डे पर उच्च पदस्थ अधिकारियों को दी जाने वाली सुविधाओं का दुरुपयोग किया।
Similar Post
-
मायावती ने उत्तराखंड की चुनावी तैयारियों का लिया जायजा, वोटर लिस्ट से नाम हटने पर जताई चिंता
लखनऊ, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मा ...
-
अखिलेश का गठबंधन के दलों को संदेश; बात सीट की नहीं, जीत की है
लखनऊ, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध् ...
-
बिहार प्रशांत किशोर बोले- सभी शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलाना जन सुराज की गारंटी
मुजफ्फरपुर, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। जन सुराज के सूत्रधार और वि ...
