सीबीआई ने रिश्वत के आरोप में ईडी के उप निदेशक को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 मई 2025। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उप निदेशक चिंतन रघुवंशी को भुवनेश्वर के एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चिंतन रघुवंशी ने ढेंकानाल में पत्थर खनन का कारोबार करने वाले व्यवसायी रतिकांत राउत के खिलाफ दर्ज ईडी के एक मामले में उन्हें ‘‘राहत’’ दिलाने के एवज में कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को सूचना मिली थी कि अधिकारी राउत से कथित रिश्वत की पहली खेप लेने वाले हैं, जिसके बाद एजेंसी ने बृहस्पतिवार को एक जाल बिछाया।
सीबीआई की प्राथमिकी के अनुसार राउत ने एजेंसी से संपर्क किया था और शिकायत की थी कि उन्हें इस साल मार्च में भुवनेश्वर में ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। प्राथमिकी में कहा गया है कि रघुवंशी ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाया और मामले में ‘‘राहत’’ पाने के लिए भगती नामक व्यक्ति से मिलने को कहा। राउत ने जब इतनी बड़ी रकम जुटाने में अपनी असमर्थता जतायी तो भगती ने उनकी बात रघुवंशी से कराई, जिन्होंने मांग घटाकर दो करोड़ रुपये कर दी। उन्होंने बताया कि 2013 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी रघुवंशी को कथित तौर पर अभियान के दौरान पकड़ा गया और बाद में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
Similar Post
-
घुटने के सफल ऑपरेशन के बाद दलाई लामा को अस्पताल से छुट्टी दी गई
नई दिल्ली, शुक्रवार, 12 जून 2026। तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई ...
-
बिहार कंगाल होने की कगार पर, सरकार वित्तीय स्थिति पर जवाब दे : तेजस्वी
पटना, शुक्रवार, 12 जून 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकार ...
-
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात
नई दिल्ली, शुक्रवार, 12 जून 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. श ...
