दिल्ली उच्च न्यायालय के छह नए न्यायाधीश सोमवार को लेंगे शपथ
नई दिल्ली, रविवार, 20 जुलाई 2025। दिल्ली उच्च न्यायालय में छह नए न्यायाधीश सोमवार को पद की शपथ लेंगे, जिससे अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय 21 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित एक समारोह में इन छह नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ लेने वाले छह न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव साम्ब्रे, न्यायमूर्ति विवेक चौधरी, न्यायमूर्ति अनिल क्षेत्रपाल, न्यायमूर्ति अरुण कुमार मोंगा और न्यायमूर्ति ओम प्रकाश शुक्ला शामिल हैं। इन न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के साथ ही उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 40 हो जाएगी। उच्च न्यायालय में स्वीकृत न्यायाधीशों की संख्या 60 है। न्यायमूर्ति साम्ब्रे बम्बई उच्च न्यायालय में थे जबकि न्यायमूर्ति चौधरी और न्यायमूर्ति शुक्ला इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सेवारत थे।
न्यायमूर्ति क्षेत्रपाल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में और न्यायमूर्ति मोंगा राजस्थान उच्च न्यायालय में सेवाएं दे रहे थे। न्यायमूर्ति राव का तबादला कर्नाटक उच्च न्यायालय से दिल्ली किया गया है। दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश विभु बाखरू को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने पर 16 जुलाई को विदाई दी गई। इस फेरबदल के परिणामस्वरूप उच्च न्यायालय के तीन सदस्यीय कॉलेजियम का पुनर्गठन भी होगा।
अब तक उच्च न्यायालय कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश उपाध्याय एवं न्यायमूर्ति बाखरू के अलावा न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह शामिल थीं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश उपाध्याय, न्यायमूर्ति राव तथा न्यायमूर्ति साम्ब्रे शामिल होंगे क्योंकि वे न्यायमूर्ति सिंह से वरिष्ठ हैं। केंद्र सरकार ने 14 जुलाई को उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिशों के आधार पर इन छह न्यायाधीशों को उनके संबंधित उच्च न्यायालयों से दिल्ली उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की थी।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
