कांग्रेस नेता पिछड़ा वर्ग आरक्षण के संबंध में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना
हैदराबाद, मंगलवार, 05 अगस्त 2025। तेलंगाना के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर और कांग्रेस के अन्य नेता मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। ये नेता दिल्ली में छह अगस्त को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में होने वाले धरने में हिस्सा लेंगे और धरने में राज्य विधानमंडल द्वारा पारित पिछड़ा वर्ग आरक्षण विधेयक पर राष्ट्रपति की मंजूरी की मांग की जाएगी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि प्रभाकर, पंचायत राज मंत्री डी. अनसूया सीताक्का और अन्य नेता मंगलवार सुबह आरजीआई हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हुए। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी दोपहर तक दिल्ली पहुंच जाएंगे। प्रभाकर ने कहा कि सामाजिक न्याय का समर्थन करने वाले सभी दलों के नेताओं को पिछड़ा वर्ग आरक्षण विधेयक को स्वीकार करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने में मदद करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़े वर्गों (बीसी) में मुसलमानों को शामिल करने का हवाला देकर पिछड़ा वर्ग विधेयक पर रोक लगाने की कोशिश कर रही है। इसके जवाब में, भाजपा की तेलंगाना इकाई ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पिछड़ी जातियों को 42 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा करने के बावजूद, अब पिछड़े वर्गों के नाम पर मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण दे रही है। तेलंगाना से कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को लेकर एक विशेष ट्रेन सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुई। ये कार्यकर्ता छह अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले धरने में शामिल होंगे।
चरणबद्ध आंदोलन के तहत कांग्रेस ने पांच से सात अगस्त तक विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। कांग्रेस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पार्टी के लोकसभा सदस्य चमाला किरण कुमार रेड्डी ने तेलंगाना सरकार के पिछड़ा वर्ग आरक्षण विधेयक पर बहस के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया। रेवंत रेड्डी और अन्य वरिष्ठ नेता लंबित विधेयकों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपने के लिए सात अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगेंगे। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने पूर्व में बताया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग करेंगे।
Similar Post
-
सैन्य कर्मी के साथ लूटपाट के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, गुरुवार, 30 जुलाई 2दिल्ली पुलिस ने सस्ता होटल दिलाने ...
-
केंद्रीय छात्रवृत्ति में 700 करोड़ रु की कमी का छात्रों पर असर, सोरेन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
रांची, गुरुवार, 30 जुलाई 2026। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरे ...
-
दिल्ली में छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश शाह ने ही दिया होगा; इस्तीफा देना चाहिए: दीपके
छत्रपति संभाजीनगर, गुरुवार, 30 जुलाई 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ( ...
