प्रियांक खरगे ने भाजपा पर येलो लाइन का श्रेय ‘हड़पने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, रविवार, 10 अगस्त 2025। कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री प्रियांक खरगे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मेट्रो ट्रेन की ‘येलो लाइन’ के द्वितीय चरण का श्रेय ‘हड़पने’ का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार ने 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान करके बहुत बड़े खर्च का वहन किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बेंगलुरु में हैं तथा उनका बेंगलुरु मेट्रो की बहुप्रतीक्षित येलो लाइन और बेंगलुरु-बेलगावी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन का कार्यक्रम है। उनका बेंगलुरु मेट्रो फेज-3 परियोजना की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम है। खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘मेट्रो परियोजना मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के तहत शुरू की गई थी। पहले चरण में संप्रग सरकार ने लागत के एक बड़े हिस्सा का वहन किया, जो राज्य सरकार के योगदान से भी अधिक था।’’
उनके अनुसार, भाजपा के सत्ता में आने के बाद परियोजना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कम हो गई और बाद के चरणों में केंद्र सरकार का हिस्सा भी काफी कम हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक सरकार ने 12,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का योगदान देकर, भूमि अधिग्रहण लागत और अतिरिक्त खर्चों का भार उठाते हुए अधिकतर व्यय का वहन किया है।’’ उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए केवल 8,000 करोड़ रुपये ही उपलब्ध कराए।
खरगे ने कहा, ‘‘सहयोग की कमी के कारण बीएमआरसीएल को परियोजना की शेष लागत पूरी करने के लिए ऋण लेना पड़ा। कर्नाटक का योगदान साल-दर-साल बढ़ता जा रहा है, लेकिन राज्य को मिलने वाला लाभ कम होता जा रहा है और येलो लाइन परियोजना इसका ज्वलंत उदाहरण है।’’ इस बीच, बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या ने‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर जोर दिया है। सूर्या ने कहा, ‘‘लेकिन कांग्रेस उन सभी चीजों का श्रेय लेने की कोशिश करती है जिनमें उनकी कोई भूमिका नहीं होती। आपने हाल में देखा होगा कि कांग्रेस ने आईपीएल की जीत का भी श्रेय लेने की कोशिश की।’’
Similar Post
-
प्रकाश चिक बराइक ने तृणमूल कांग्रेस एवं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया
नई दिल्ली, गुरुवार, 11 जून 2026। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज् ...
-
झारखंड में दो-तीन में मानसून के पहुंचने की संभावना : आईएमडी
रांची, गुरुवार, 11 जून 2026। झारखंड के कुछ हिस्सों में अगले दो. त ...
-
ओडिशा के कंधमाल में माओवादियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
भुवनेश्वर, गुरुवार, 11 जून 2026। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक् ...
