विरोधी द्रमुक सरकार की महत्वपूर्ण शिक्षा योजनाओं को हटाने के बारे में सोच भी नहीं सकते : उदयनिधि
चेन्नई, शुक्रवार, 26 सितंबर 2025। तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने प्रतिष्ठित द्रविड़ नेता सी एन अन्नादुरई का हवाला देते हुए कहा कि भविष्य में यदि प्रतिद्वंद्वी दल द्रमुक सरकार की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली कल्याणकारी योजनाओं को बदलने के बारे में सोचेंगे तो वे ऐसा करने से डरेंगे क्योंकि उन्हें लाभार्थियों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। उपमुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार रात यहां एक विशाल शिक्षा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अन्नादुरई ने दशकों पहले 1967 से 1969 के बीच मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की थीं और इनमें राज्य का नाम तमिलनाडु रखना, हिंदी की गुंजाइश को खारिज करना, तमिल और अंग्रेजी के द्वि-भाषी मानदंड को अपनाना और धार्मिक रीति-रिवाज या पूजा-पाठ के बिना आपसी सहमति के आधार पर किए जाने वाले विवाह को कानूनी मान्यता देना शामिल था।
उदयनिधि ने कहा, ‘‘अन्ना ने कहा था कि यदि सत्ता संभालने वाले उनके उत्तराधिकारी इन तीन योजनाओं को बदलने (खत्म करने) के बारे में सोचेंगे, तो उनके दिलों में डर बैठ जाएगा। वे यह सोचकर डर जाएंगे कि यदि इन योजनाओं को बदल दिया गया तो लोग उनके साथ क्या करेंगे और अन्ना ने कहा था कि जब तक प्रतिद्वंद्वियों के मन में ऐसा डर रहेगा, वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए मुख्यमंत्री नाश्ता योजना, पुधुमाई पेन, तमिल पुधलवन और नान मुधलवन जैसी योजनाएं दी हैं। भविष्य में किसी दिन अगर कोई (प्रतिद्वंद्वी) ऐसी योजनाओं को बदलने के बारे में सोचता भी है, तो उनके दिल में डर पैदा हो जाएगा, वे डर जाएंगे (उन लोगों की प्रतिक्रिया को देखते हुए जो लाभार्थी हैं और जो योजनाओं का समर्थन करते हैं) और जब तक उनमें यह डर रहेगा, एम करुणानिधि स्टालिन मुख्यमंत्री रहेंगे।’’
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
