पुराना किला में ‘इंद्रप्रस्थ नृत्य महोत्सव’ का होगा आयोजन
नई दिल्ली, गुरुवार, 02 अक्टूबर 2025। ऐतिहासिक पुराना किला भारतीय शास्त्रीय नृत्य का एक भव्य मंच बनने जा रहा है, जहां शुक्रवार से ‘इंद्रप्रस्थ नृत्य महोत्सव’ का पहला संस्करण शुरू होगा। इस सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य अनुभवी कलाप्रेमियों और संस्कृति में गहरी रुचि रखने वाले उत्साही लोगों से लेकर जिज्ञासु नवागंतुकों और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक, एक व्यापक दर्शक वर्ग को आकर्षित करना है। यह महोत्सव भारत की समृद्ध शास्त्रीय नृत्य विरासत का उत्सव मनाएगा, जिसमें प्रख्यात कलाकारों के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी।
तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव इतिहास, परंपरा और रचनात्मकता का एक अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा, जो ‘ताल, अभिव्यक्ति और गति’ की समृद्ध झलक दर्शकों को प्रदान करेगा। इस महोत्सव में भारत के कुछ प्रतिष्ठित नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे, जिनमें पद्म पुरस्कार प्राप्तकर्ता, संगीत नाटक अकादमी सम्मानित कलाकार, बिस्मिल्ला खान युवा पुरस्कार विजेता और दूरदर्शन के शीर्ष श्रेणी के कलाकार शामिल हैं।
आयोजकों ने एक बयान में कहा, ‘‘मुख्य आकर्षणों में पद्म पुरस्कार प्राप्त प्रसिद्ध कलाकार माधवी मुद्गल (ओडिसी) और जयराम राव (कुचिपुड़ी), साथ ही संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त सुजाता महापात्र (ओडिसी) और नीना प्रसाद (मोहिनीअट्टम) की प्रस्तुतियां शामिल हैं।’’ इसके साथ ही, एक विशेष कार्यक्रम ‘‘कथक परंपरा’’ भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे कथक की प्रतिष्ठित गुरु और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त शास्वती सेन ने कोरियोग्राफ किया है। इस प्रस्तुति में दीपक महाराज, गौरी दिवाकर, मोनिषा नायक, और अभिमन्यु लाल सहित भारत के प्रमुख कथक नृत्य कलाकार भाग लेंगे। यह कार्यक्रम पांच अक्टूबर को समाप्त होगा।
Similar Post
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पहुंची पुलिस, अधिकारियों ने इसे नियमित प्रक्रिया बताया
कोलकाता, सोमवार, 25 मई 2026। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बन ...
-
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर राकांपा (शप) ने केंद्र पर साधा निशाना
मुंबई, सोमवार, 25 मई 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद् ...
-
धर्मेंद्र प्रधान 'अक्षम' और 'निकम्मे', प्रधानमंत्री मोदी उन्हें तुरंत बर्खास्त करें: केजरीवाल
नई दिल्ली, सोमवार, 25 मई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय सं ...
