उ.बंगाल में आयी बाढ़ मानव जनित, डीवीसी झारखंड को बचाने के लिए मनमर्जी से पानी छोड़ रहा : ममता
कोलकाता, सोमवार, 06 अक्टूबर 2025। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को उत्तर बंगाल में आई बाढ़ और उसके कारण हुए विनाश को ‘‘मानव जनित’’ बताया तथा डीवीसी पर पानी को ‘‘अनियंत्रित’’ रूप से छोड़ने का आरोप लगाया जिसके परिणामस्वरूप राज्य के दक्षिणी हिस्सों में नदियां उफान पर हैं। ममता ने बाढ़ और भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के एक सदस्य को होमगार्ड की नौकरी देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अब तक उत्तर बंगाल में आई बाढ़ में 23 लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है। इस क्षेत्र में शनिवार रात और रविवार तड़के 12 घंटे से ज्यादा समय तक 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई।’’ मुख्यमंत्री उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण करने के लिए बागडोगरा रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात कर रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 48 घंटों से राज्य के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई है। उन्होंने बताया कि दार्जिलिंग के दुआर का नागराकाटा और मिरिक क्षेत्र भूस्खलन और आवासीय संपत्तियों के बह जाने से सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं।
ममता ने आरोप लगाया, ‘‘दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) अपनी इच्छानुसार पानी छोड़ रहा है। मैथन और पंचेत बांधों से गाद निकालने का काम न होने से उनकी जल धारण क्षमता में काफी कमी आई है। डीवीसी झारखंड को बाढ़ से बचाने के लिए ऐसा कर रहा है और बंगाल इसका खमियाजा भुगत रहा है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों को वापस लाने के लिए 45 बसों की व्यवस्था की है। बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने बाढ़ राहत उपायों के लिए धन मुहैया नहीं कराया है और राज्य सरकार ‘‘किसी तरह’’ अपने दम पर स्थिति से निपट रही है।
Similar Post
-
सैन्य कर्मी के साथ लूटपाट के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, गुरुवार, 30 जुलाई 2दिल्ली पुलिस ने सस्ता होटल दिलाने ...
-
केंद्रीय छात्रवृत्ति में 700 करोड़ रु की कमी का छात्रों पर असर, सोरेन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
रांची, गुरुवार, 30 जुलाई 2026। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरे ...
-
दिल्ली में छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश शाह ने ही दिया होगा; इस्तीफा देना चाहिए: दीपके
छत्रपति संभाजीनगर, गुरुवार, 30 जुलाई 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ( ...
