राष्ट्रपति मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की यात्रा पर रवाना
नई दिल्ली, शनिवार, 08 नवंबर 2025। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को अंगोला और बोत्सवाना की छह दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं। यह यात्रा अफ्रीकी क्षेत्र में दोनों देशों के साथ सहयोग और साझेदारी बढ़ाने के नए रास्ते खोलने के भारत के प्रयासों का हिस्सा है। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की इन देशों की पहली राजकीय यात्रा होगी। अपनी यात्रा के पहले चरण में, मुर्मू अंगोला की राजधानी लुआंडा पहुंचेंगी और आठ से 11 नवंबर के बीच उच्च स्तरीय बैठकें करेंगी। मुर्मू अपने अंगोलाई समकक्ष जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और अफ्रीकी राष्ट्र की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में भाग लेंगी।
उनका अंगोला की संसद को संबोधित करने और उस देश में भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। भारत और अंगोला इस वर्ष अपने राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने बृहस्पतिवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, “भारत और अंगोला के बीच मैत्री और सहयोग के बहुत घनिष्ठ संबंध हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहे हैं। अंगोला के साथ हमारी ऊर्जा साझेदारी जीवंत है।”
बोत्सवाना में राष्ट्रपति मुर्मू अपने समकक्ष ड्यूमा गिदोन बोको से मुलाकात करेंगी और गबोरोन में राष्ट्रीय सभा को भी संबोधित करेंगी। सचिव ने कहा, “हमें विश्वास है कि माननीय राष्ट्रपति जी की यात्रा से अंगोला और बोत्सवाना के साथ भारत के दीर्घकालिक सहयोगात्मक संबंध और मजबूत होंगे तथा सहयोग और हमारी साझेदारी के विस्तार के लिए नए रास्ते खुलेंगे।” उन्होंने कहा, “जैसा कि मैंने पहले कहा, यह अफ्रीकी महाद्वीप के साथ अपनी बहुमुखी साझेदारी को और मजबूत करने की भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।”
Similar Post
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पहुंची पुलिस, अधिकारियों ने इसे नियमित प्रक्रिया बताया
कोलकाता, सोमवार, 25 मई 2026। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बन ...
-
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर राकांपा (शप) ने केंद्र पर साधा निशाना
मुंबई, सोमवार, 25 मई 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद् ...
-
धर्मेंद्र प्रधान 'अक्षम' और 'निकम्मे', प्रधानमंत्री मोदी उन्हें तुरंत बर्खास्त करें: केजरीवाल
नई दिल्ली, सोमवार, 25 मई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय सं ...
