बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने अकेले लड़ने का संकेत दिया
मुंबई, शनिवार, 15 नवंबर 2025। महा विकास आघाडी (एमवीए) के भीतर संभावित तनाव के संकेत देते हुए, कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि पार्टी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आगामी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष गायकवाड़ ने पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से "बीएमसी में कांग्रेस का झंडा फहराने" का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "हमें कांग्रेस पार्षदों का निर्वाचन सुनिश्चित करना होगा... सभी 227 सीट के लिए तैयारी करनी होगी।" देश के सबसे अमीर नगर निकाय, बीएमसी के चुनाव जनवरी 2026 में होने की संभावना है। गायकवाड़ ने यह बयान कांग्रेस महासचिव रमेश चेन्निथला और कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दिया।
कांग्रेस का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राज ठाकरे के नगर निकाय चुनावों के लिए हाथ मिलाने की संभावना है। उत्तर भारतीय प्रवासियों के खिलाफ राज ठाकरे के आक्रामक रुख को देखते हुए, कांग्रेस का एक वर्ग उनके साथ गठबंधन के खिलाफ है। गायकवाड़ ने कहा कि इससे पहले, जब पत्रकारों ने चेन्निथला से पूछा था कि क्या पार्टी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी, तो उन्होंने (चेन्निथला ने) कहा था कि ऐसे फैसले स्थानीय इकाइयों पर छोड़ दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें (चेन्निथला को) बता दिया है कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता समान विचारधारा वाले दलों और समूहों के साथ अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को संगठनात्मक तैयारियों के बारे में जानकारी दे दी गई है। लोकसभा सदस्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अगले दो महीने तक जमीनी स्तर पर काम करें और मतदाता सूची के प्रति सतर्क रहें। कांग्रेस ने 2019 में अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी शिवसेना और राकांपा के साथ मिलकर एमवीए बनाया था।
Similar Post
-
रबी की फसलों के एमएसपी में बढ़ोत्तरी ऊंट के मुंह में जीरे के समान : भूपेंद्र हुड्डा
चंडीगड़, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प ...
-
प्रदेश में 91 लाख से अधिक जरूरतमंदों को मिल रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन : भजनलाल शर्मा
जयपुर, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क ...
-
सेवा ही संकल्प, स्वच्छता ही संस्कार : प्रेमचन्द बैरवा
जयपुर, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के पावन अवसर पर प् ...
