मौजूदा वैश्विक परिदृश्य में भारत संतुलन और जिम्मेदारी की आवाज बन गया है : राजनाथ
नई दिल्ली, शुक्रवार, 28 नवंबर 2025। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत शांति और वार्ता में विश्वास करता है, लेकिन जब राष्ट्र की संप्रभुता और सुरक्षा की बात आती है, तो वह कोई ‘‘समझौता’’ नहीं करता। चाणक्य रक्षा संवाद में उन्होंने कहा, ‘‘भारत की आर्थिक प्रगति, प्रौद्योगिकी क्षमताओं और सिद्धांतों का पालन करने वाली विदेश नीति ने इसे बदलते वैश्विक परिवेश में संतुलन और जिम्मेदारी की आवाज़ बना दिया है, और हिंद-प्रशांत तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के देश हमें एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में देखते हैं।’’ ‘ग्लोबल साउथ’ से तात्पर्य ऐसे देशों से है जिनका आर्थिक और औद्योगिक विकास अपेक्षाकृत कम हुआ है। सिंह ने कहा कि भारत जिम्मेदारी की भावना, रणनीतिक स्वायत्तता और सभ्यतागत मूल्यों में निहित आत्मविश्वास के साथ वैश्विक चर्चाओं को आकार दे रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत शांति और संवाद में विश्वास करता है, लेकिन जब बात लोगों की संप्रभुता और सुरक्षा की आती है, तो हम कोई समझौता नहीं करते।’’ उन्होंने कहा कि भारत ने अग्रणी सुधारों और राष्ट्रों की संप्रभुता के सम्मान तथा नियम-आधारित व्यवस्था के प्रति अपने निरंतर रुख के कारण वैश्विक विश्वास अर्जित किया है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हम सुरक्षा और संपर्क को मजबूत करने के लिए सीमा और समुद्री बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। हम नये प्लेटफ़ॉर्म और प्रौद्योगिकियों और ढांचों के माध्यम से अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम गति, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए खरीद प्रक्रियाओं में सुधार कर रहे हैं। आत्मनिर्भरता के माध्यम से, हम एक रक्षा औद्योगिक परिवेश का निर्माण कर रहे हैं जो नवाचार को प्रोत्साहित करता है, उद्योग का समर्थन करता है और बाहरी निर्भरता को कम करता है।’’ सिंह ने कहा कि भारत स्टार्ट-अप, ‘‘डीप-टेक’’ क्षमताओं और अनुसंधान एवं विकास में निवेश कर रहा है, जो भविष्य के युद्धक्षेत्रों को आकार देंगे। ‘डीप टेक’ से तात्पर्य उन कंपनियों और स्टार्टअप से है, जो महत्वपूर्ण वैज्ञानिक या इंजीनियरिंग नवाचार, जैसे कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग या जैव प्रौद्योगिकी पर आधारित हैं।
Similar Post
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पहुंची पुलिस, अधिकारियों ने इसे नियमित प्रक्रिया बताया
कोलकाता, सोमवार, 25 मई 2026। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बन ...
-
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर राकांपा (शप) ने केंद्र पर साधा निशाना
मुंबई, सोमवार, 25 मई 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद् ...
-
धर्मेंद्र प्रधान 'अक्षम' और 'निकम्मे', प्रधानमंत्री मोदी उन्हें तुरंत बर्खास्त करें: केजरीवाल
नई दिल्ली, सोमवार, 25 मई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय सं ...
