त्रिशूर रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में आग लगने से करीब 500 दोपहिया वाहन जलकर खाक
त्रिशूर (केरल), रविवार, 04 जनवरी 2026। केरल के त्रिशूर में रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में रविवार को आग लग जाने से लगभग 500 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। अग्निशमन एवं बचाव सेवा के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पार्किंग क्षेत्र में सुबह छह बजकर 20 मिनट पर आग लगी और इस संबंध में अग्निशमन विभाग को छह बजकर 40 मिनट पर जानकारी मिली। आग लगने का संभावित कारण एक इलेक्ट्रिक लाइन से निकली चिंगारी को बताया जा रहा है। चिंगारी एक दोपहिया वाहन पर गिर गई थी जिस पर कवर चढ़ा हुआ था। अधिकारियों का अनुमान है कि पार्किंग स्थल में लगभग 500 दोपहिया वाहन खड़े थे और इस घटना में उनमें से अधिकतर जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने बताया कि दमकल की पांच गाड़ियां तैनात की गईं और सुबह करीब पौने आठ बजे आग पर काबू पा लिया गया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक आग फैलने और आगे नुकसान होने से रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गयें
अधिकारी ने कहा कि आग जिस जगह लगी, उसके पास रेलवे पटरी पर एक इंजन खड़ा था लेकिन रेलवे ने उसे कोई बड़ा नुकसान होने की पुष्टि नहीं की। अधिकारी ने बताया कि दोपहिया वाहनों के अलावा टिन की चादरों से ढका पूरा शेड भी आग में क्षतिग्रस्त हो गया। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। त्रिशूर पश्चिम पुलिस ने आग की घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्राथमिकी के अनुसार, आग में लगभग 500 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। राज्य पुलिस प्रमुख आर ए चंद्रशेखर ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने कहा कि इस घटना के मद्देनजर केरल में सशुल्क पार्किंग सुविधाओं पर आग संबंधी ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है। चंद्रशेखर ने कहा कि प्रारंभिक बयानों से संकेत मिलता है कि संभवत: एक इलेक्ट्रिक लाइन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी लेकिन इसकी पुष्टि के लिए जांच की जरूरत है। राजस्व मंत्री के राजन ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
Similar Post
-
अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और आतिशी ने अंबाला जेल में बंद आप नेता दीपक सिंगला से भेंट की
अंबाला, मंगलवार, 09 जून 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविं ...
-
कबाड़ गोदाम में आग लगी, कोई घायल नहीं
लातूर, मंगलवार, 09 जून 2026। महाराष्ट्र के लातूर में कबाड़ के एक ...
-
झारखंड: ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोप में छह लोग गिरफ्तार
जामताड़ा/देवघर, मंगलवार, 09 जून 2026। झारखंड के जामताड़ा और देव ...
