जयपुर में सेना दिवस परेड की तैयारियां पूरी, रक्षा मंत्री भी शामिल होंगे
जयपुर, बुधवार, 14 जनवरी 2026। जयपुर में 'सेना दिवस परेड 2026' की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी भाग लेंगे। शहर में पहली बार हो रही यह परेड जगतपुरा इलाके की महल रोड पर होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। शहर में यातायात के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। शहर में बृहस्पतिवार से पांच दिवसीय 'जयपुर साहित्य महोत्सव' भी शुरू हो रहा है। इसके अलावा शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक दिन के जयपुर दौरे पर रहेंगी। इसको देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां व पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। 'सेना दिवस परेड' की तैयारियां महल रोड पर एक जनवरी से चल रही हैं। भव्य सैन्य परेड के लिए दो फुल ड्रेस रिहर्सल हो चुकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इस परेड की शुरुआत चेतक हेलीकॉप्टर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज और सेना ध्वज फहराए जाने के साथ होगी। इसके बाद हेलीकॉप्टर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाएंगे और फ्लाईपास्ट होगा। परेड की शुरुआत सेना के वाहनों में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के मार्च पास्ट से होगी। नेपाल सेना बैंड की एक विशेष टुकड़ी आकर्षण का केंद्र होगी। 61वीं कैवलरी के घुड़सवार सैनिक सैन्य विरासत का प्रदर्शन करेंगे। परेड में अर्जुन टैंक, के-9 वज्र, धनुष तोप, ब्रह्मोस मिसाइल सहित उन्नत हथियार प्रणालियां और बख्तरबंद वाहन शामिल होंगे।
परेड को देखते हुए यातयात की विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि महल रोड पर एनआरआई सर्कल और बॉम्बे हॉस्पिटल सर्कल के बीच सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को वैकल्पिक रास्तों से मोड़ा किया जाएगा, जिसमें हल्दीघाटी मार्ग, वीआईटी रोड, केंद्रीय विहार मार्ग, गोनेर रोड और राणा सांगा मार्ग शामिल हैं। महल रोड से सटी कॉलोनियों के निवासियों को समानांतर सड़कों से आवाजाही की अनुमति होगी। जयपुर साहित्य महोत्सव 15 से 19 जनवरी तक जेएलएन रोड पर होटल में होगा। इससे आसपास के इलाके में भारी यातायात रहने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि साहित्य महोत्सव के लिए निर्धारित पार्किंग क्षेत्र बनाए गए हैं।
Similar Post
-
राजस्थान हाईकोर्ट ने जोधपुर प्रधान पीठ की संरचनात्मक कमियों पर जताई गंभीर चिंता, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
- केंद्रीय गुंबद के पुनर्वास से जुड़े पुराने अनुबंध पर भी उठे स ...
-
NEET PG 2026 : इंटरनल पावर फेलियर के कारण iDZ सीतापुरा, जयपुर के 2 केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया अधूरी रही
- इन 2 केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को होगी पुनः परीक् ...
-
राजस्थान : डूंगरपुर के स्कूल में जर्जर कमरे की छत का हिस्सा गिरा
जयपुर, मंगलवार, 25 अगस्त 2026। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के एक र ...
