बांग्लादेश के प्रति सहानुभूति लेकिन हम भी विश्व कप खेलने के हकदार: स्कॉटलैंड के स्पिनर वाट

img

कोलकाता, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। स्कॉटलैंड के स्पिन गेंदबाज मार्क वाट ने शुक्रवार को कहा कि वह बांग्लादेश खिलाड़ियों के लिए सहानुभूति रखते हैं लेकिन आखिरी समय में टूर्नामेंट में शामिल की गई स्कॉटलैंड टीम अपनी जगह की पूरी हकदार थी। बांग्लादेश की टीम भारत में नहीं खेलने के अपने सरकार के रुख के कारण टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकी। वाट ने कहा कि बांग्लादेश के खिलाड़ियों के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है, लेकिन स्कॉटलैंड ने कड़ी मेहनत की है और उसे वैश्विक प्रतियोगिता में खेलने का पूरा अधिकार मिला है।

स्कॉटलैंड शनिवार को ईडन गार्डन्स में ग्रुप सी के मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ेगा। टीम की कोशिश जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने की होगी। आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद स्कॉटलैंड को अंतिम समय में प्रतियोगिता में शामिल किया गया था। 77 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस वामहस्त स्पिनर ने कहा, '' हमें बांग्लादेश के खिलाड़ियों के लिए बहुत दुख है लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि हमें यहां होना चाहिए। हमें लगता है कि हम अपने से ऊंची रैंक वाली टीमों को भी हरा सकते हैं। इस टूर्नामेंट में हमारे शामिल होने को लेकर कोई संदेह नहीं है। हम पूरी तरह तैयार हैं।'

वाट ने कहा कि उनकी टीम को आखिरी समय में तैयारियां करनी पड़ीं, लेकिन अब खिलाड़ी टूर्नामेंट का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं और अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब हैं। उन्होंने कहा, ''हमारी टीम में इस समय कई युवा खिलाड़ी हैं और उनके लिए इससे ज्यादा रोमांचक क्या हो सकता है। दस दिन पहले वे खाली बैठे थे और अब भारत में विश्व कप खेल रहे हैं। उनके लिए यह बिल्कुल शानदार है।" उन्होंने कहा, ''हम सभी यहां आकर बहुत खुश हैं और खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement