चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा
मुंबई, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में स्वीकार किया कि राणा की स्थिति 'अच्छी नहीं' दिख रही है। सूर्यकुमार ने हालांकि राणा को अभी पूरी तरह से बाहर नहीं किया, लेकिन उनकी बातों से लगा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल इस गेंदबाज के लिए समय पर ठीक होना मुश्किल है। भारतीय टीम विश्व कप में अपना अभियान शनिवार को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगी। सूर्यकुमार ने शुक्रवार को मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, " राणा को अभी बाहर नहीं किया गया है, हमारे फिजियो उनका आकलन कर रहे हैं, लेकिन उनके चोट की स्थिति अच्छी नहीं लग रही है।" भारतीय कप्तान इस मामले में अभी ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं लेकिन टीम के विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि इस 24 साल के गेंदबाज के लिए इस टूर्नामेंट के दौरान चोट से उबरने की संभावना काफी कम है।
सूर्यकुमार ने कहा, ''चिंता की बात नहीं है, हमारे पास कल के लिए 11 खिलाड़ी हैं। यह हालांकि निश्चित रूप से एक बड़ा झटका होगा क्योंकि 15 खिलाड़ियों की टीम बहुत सोच-विचार के बाद बनाई जाती है और उसे भी काफी सोच-विचार के बाद ही शामिल किया गया था।'' भारतीय कप्तान ने कहा, '' वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हम अलग-अलग संयोजन अपनाएंगे। हमारे पास इस टूर्नामेंट में सभी टीमों के खिलाफ खेलने के लिए पर्याप्त खिलाड़ी और संयोजन मौजूद हैं। वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हमें उनकी कमी निश्चित रूप से खलेगी।
राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए। राणा हालांकि भारत की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे। नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका इकोनॉमी रेट भी 10.60 का है। वह हालांकि विशिष्ट परिस्थितियों में एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते थे। वह निचले क्रम में भी बल्ले से योगदान देने में सक्षम है। राणा की जगह भारतीय टीम में प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज जगह बनाने की दौड़ में होंगे।
इसके साथ ही हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूर्यकुमार ने उपलब्ध विकल्पों के बारे में कहा, ''हम देखेंगे कि पिछले एक-दो वर्षों में किन (अन्य) तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है या क्या कोई ऐसा गेंदबाज है जो बल्लेबाजी भी कर सकता है।'' उन्होंने कहा, '' कोई जरूरी नहीं है कि वह बल्लेबाजी करने में सक्षम हो। आप अगर नौवें क्रम पर क्रीज पर आने वाले से छक्का लगाने की उम्मीद कर रहे हैं तो फिर उनसे से पहले के आठ बल्लेबाज क्या करेंगे। हम देखेंगे, हमारे पास कुछ विकल्प हैं लेकिन हम सबसे अच्छे विकल्प का चयन करेंगे।''
Similar Post
-
चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा
मुंबई, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित ...
-
नीतू, प्रीति, जादूमणि सेमीफाइनल में , भारत के स्पेन में 19 पदक पक्के
ला नूसिया (स्पेन), शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। पूर्व विश्व चैम्पियन ...
-
जरूरत पड़ी तो टी20 विश्व कप में भारत दो स्पिनरों को खिलाएगा: सूर्यकुमार यादव
मुंबई, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव न ...
