मप्र : मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, उद्योगपति समेत दो गिरफ्तार
इंदौर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस्ते ने अशोक नगर जिले के एक घर में मादक पदार्थ मेफेड्रोन बनाने के कारखाने का खुलासा करते हुए एक उद्योगपति और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मेफेड्रोन को 'एमडी' और 'म्याऊं-म्याऊं' के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक, यह मानव निर्मित रसायनों से बना नशीला पदार्थ है और बड़ी तादाद में युवा इसकी लत के शिकार हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) महेशचंद जैन ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात अशोक नगर जिले के कडराना गांव के एक घर पर दबिश दी गई, तो वहां मेफेड्रोन बनाने के कारखाने का खुलासा हुआ।
डीआईजी ने बताया कि कारोबार में बड़े घाटे से कानूनी परेशानियों का सामना कर रहा स्थानीय उद्योगपति प्रियांशु जैन (31) अपने साथी राघवेंद्र सिंह परमार (38) के घर में उसकी मदद से नशीले पदार्थ का कारखाना संचालित कर रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1.28 किलोग्राम ठोस एमडी, 2.58 किलोग्राम तरल एमडी और इस मादक पदार्थ को बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 45 किलोग्राम कच्चा माल बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चंदेरी के रहने वाले उद्योगपति प्रियांशु के कब्जे से 32 बोर की एक पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। डीआईजी ने बताया कि आरोपियों ने इंटरनेट पर मेफेड्रोन बनाना सीखा था और वे इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कुछ रसायन लेने बार-बार इंदौर आ रहे थे जिसकी सूचना पुलिस को अपने मुखबिर के जरिये मिली। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है।
Similar Post
-
राजस्थान परिवहन विभाग का राजस्व 13.82 प्रतिशत बढ़ा
जयपुर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। राजस्थान के परिवहन विभाग का राजस ...
-
नवीकरणीय ऊर्जा पारेषण के लिए पीएम-धारा योजना को मंजूरी, 1.86 लाख करोड़ रुपये होंगे खर्च
नई दिल्ली, बुधवार, 30 सितंबर 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवा ...
-
जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
श्रीनगर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्य ...
