फ्रांस के राष्ट्रपति की बॉलीवुड सितारों से मुलाकात
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने अपने भारत दौरे के दौरान मुंबई में फिल्मी सितारों से मुलाकात की। उन्होंने दिग्गज अभिनेता मनोज वाजपेयी, अनिल कपूर, शबाना आजमी, अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और फिल्मकार जोया अख्तर समेत कई हस्तियों से मुलाकात की। राष्ट्रपति मैक्रों ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “भारतीय सिनेमा के दिग्गजों के साथ, संस्कृति हमें जोड़ती है।'' यह मुलाकात भारत-फ्रांस संबंधों में सांस्कृतिक सहयोग के बढ़ते आयामों को भी रेखांकित करती है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी अहम भूमिका निभा रहा है।
मुंबई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच लोक भवन में द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मुंबई में अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद है और सुबह की दौड़ का भी आनंद लिया।”
भारत दौरे की शुरुआत में राष्ट्रपति मैक्रों और उनकी पत्नी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दिन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी विस्तृत वार्ता निर्धारित रही। दोनों नेता ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026’ की शुरुआत भी करेंगे। माना जा रहा है कि मैक्रों की यह यात्रा दोनों देशों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देगी। मुंबई एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मैक्रों का स्वागत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्वागत संदेश में कहा कि भारत-फ्रांस सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में यह दौरा अहम साबित होगा और वैश्विक प्रगति में भी योगदान देगा।
Similar Post
-
‘पेड्डी’ के धमाकेदार गाने Hellallallo का प्रोमो रिलीज
फिल्म ‘पेड्डी’ का सबसे बड़ा म्यूज़िकल इवेंट 23 मई को भोपाल में आ ...
-
'नागाबंधम' से सामने आया विराट कर्णा का खूंखार लुक
साल 2026 की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक, 'नागाबं ...
-
काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की ‘दि इंडिया स्टोरी’ का टीजऱ जल्द
फिल्म दि इंडिया स्टोरी के मेकर्स ने घोषणा की है कि फिल्म का टीजऱ जल् ...
