'मेरे पास फिल्मों के ऑफर आते रहते हैं', एक्टिंग डेब्यू के सवाल पर अमृता फडणवीस
प्लेबैक सिंगर और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस इन दिनों अपने नए भक्ति गीत 'शंभू रे' को लेकर चर्चाओं में हैं। उनके इस गीत को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए अपने संगीत सफर के बारे में बताया। साथ ही अभिनय क्षेत्र में कदम रखने के सवाल पर भी सटीक जवाब दिया। आईएएनएस ने अमृता फडणवीस से सवाल किया कि वह मनोरंजन जगत से काफी नजदीक से जुड़ी हैं, ऐसे में क्या उन्होंने कभी एक्टिंग करने के बारे में सोचा है? इस पर उन्होंने बताया, ''मुझे कई बार फिल्मों के ऑफर आते रहे हैं। लेकिन, हर बार मैंने इन ऑफर्स को विनम्रता के साथ मना किया है। मेरा मानना है कि हर इंसान का जीवन में एक रास्ता तय होता है और अभिनय मेरा रास्ता नहीं है। संगीत मेरा पहला और आखिरी प्यार है। यह वह कला है जो मुझे स्वाभाविक रूप से आती है और इसमें मैं खुद को पूरी तरह व्यक्त कर पाती हूं। मैं वही काम करना चाहती हूं, जिससे मैं पूरी ईमानदारी से जुड़ी रहूं और वह काम मेरे लिए संगीत ही है।''
अपने पैशन के बारे में बात करते हुए अमृता ने कहा, ''संगीत मेरे लिए सांस लेने जैसा है। जिस तरह इंसान बिना सांस के नहीं रह सकता, उसी तरह मैं संगीत के बिना खुद को अधूरा महसूस करती हूं। चाहे देर रात हो या सुबह का सुकून भरा वक्त, जब भी समय मिलता है, मैं शास्त्रीय संगीत का अभ्यास करती हूं। सुरों की साधना और रियाज मेरी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।'' गौरतलब है कि 14 फरवरी को रिलीज हुआ भक्ति गीत 'शंभू रे' बेहद कम समय में दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना चुका है। इस गीत को अब तक 9 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। अमृता फडणवीस की आवाज में 'शंभू रे' का संगीत मोटी शर्मा ने तैयार किया है, जिन्होंने सुरों के जरिए शिवभक्ति को नई गहराई दी है। वहीं, गीत के बोल सृजन विनय वैष्णव ने लिखे हैं। गाने का निर्देशन राजीव वालिया ने किया है और इसे भगवान शिव से जुड़े '27 पवित्र स्थलों' पर फिल्माया गया है।
Similar Post
-
राणाबाली की टीम ने खास वीडियो से रश्मिका मंदाना पर लुटाया प्यार
रश्मिका मंदाना के जन्मदिन के मौके पर फिल्म राणाबाली के मेकर्स ने एक ...
-
जैकी श्रॉफ ने दिवंगत सुचित्रा सेन को याद किया
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने दिवंगत बांग्ला अभिनेत्री सुचित्रा सेन की 95वी ...
