करकेरा और निर्मबेन ने नयी दिल्ली मैराथन जीती

img

  • तीन धावकों ने एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया

नई दिल्ली, रविवार, 22 फरवरी 2026। कार्तिक करकेरा ने रविवार को यहां 11वीं नयी दिल्ली मैराथन जीती और दो अन्य धावकों के साथ इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने का मानक भी हासिल किया। मुंबई के रहने वाले करकेरा ने 42.2 किलोमीटर की दूरी दो घंटे, 13 मिनट, 10 सेकंड (02:13:10) में पूरी करके जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाइंग मार्क को आसानी से पार कर लिया। पेशे से चिकित्सक 28 वर्षीय करकेरा ने गोपी थोनकल (02:13:12) और मान सिंह (02:13:15) को मामूली अंतर से पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया।

इन तीनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और आखिर में वह बहुत कम अंतर से फिनिश लाइन तक पहुंचे। इन तीनों खिलाड़ियों ने इस तरह से एशियाई खेलों में पुरुष मैराथन के लिए दो घंटे, 15 मिनट, 04 सेकंड के क्वालीफाइंग मार्क को आसानी से हासिल कर दिया। महिलाओं के वर्ग में हालांकि कोई भी भारतीय खिलाड़ी 2:31:52 के एशियाई क्वालीफाइंग मार्क को हासिल नहीं कर पाई। महिला वर्ग में ठाकुर निर्मबेन (02:41:15) ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने भागीरथी (02:43:28) और अश्विनी जाधव (02:56:59) को पीछे छोड़ा।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) से मान्यता प्राप्त इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 31 देशों और 490 शहरों के 30,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह और टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने सुबह मैराथन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बाद में विजेताओं को शानदार ट्राफियां और पुरस्कार राशि प्रदान की। कुलदीप कुमार (01:08:51) और जेनेट शिकुर रेशिद (01:19:36) ने हाफ मैराथन में जीत हासिल करके अपनी श्रेष्ठता साबित की। पुरुषों की हाफ मैराथन में रवि बुंबक (01:09:33) और मोहम्मद साहिल अनिगेरी (01:09:41) जबकि महिला वर्ग में एकता (01:19:39) और प्रीति लाम्वा (01:19:59) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement