राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का एसीएस ने किया निरीक्षण
जयपुर, गुरुवार, 12 मार्च 2026। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) श्री कुलदीप रांका ने गुरुवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवादियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। बैठक के दौरान श्री रांका ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की नई योजनाओं को संपर्क पोर्टल के सब्जेक्ट में शामिल किया जाए तथा पुराने एवं अनुपयोगी सब्जेक्ट को समीक्षा कर हटाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर 12 मार्च 2025 से 11 मार्च 2026 तक उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े कुल 10,341 प्रकरण दर्ज हुए। इनमें से 9,317 प्रकरणों (90.10 प्रतिशत) का निस्तारण किया जा चुका है। इन मामलों के निस्तारण का औसत समय 27 दिन रहा, जबकि लगभग 64 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की। सचिवालय स्थित लाइब्रेरी बिल्डिंग में स्थापित संपर्क हेल्पलाइन 181 के कंट्रोल रूम निरीक्षण के दौरान एसीएस श्री रांका ने स्वयं परिवादियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने विभाग से संबंधित शिकायतों पर परिवादियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश भी दिए।
करौली जिले के रामचन्द्र मीणा ने मूल अंकतालिकाएं प्राप्त नहीं होने की शिकायत की इस पर एसीएस ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश देकर समस्या का समाधान करवाया। जोधपुर जिले के नरेश कुमार ने शिकायत की कि उन्हें कॉलेज परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश देकर समस्या का समाधान कराया गया। अलवर जिले की निवासी निशा बाई वर्मा ने कॉलेज में जमा टोकन राशि वापस नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित अधिकारी को समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बारां जिले के धारा सिंह, जोधपुर के हर्ष गोयल, धनराज और तिलोक चंद सहित अन्य परिवादियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी समस्या दर्ज कराकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर लोक शिकायत निवारण विभाग के संयुक्त सचिव श्री हर्ष सावन सुखा, आरआईएसएल के समूह महाप्रबंधक श्री जी.के. शर्मा, राजस्थान संपर्क पोर्टल के अतिरिक्त निदेशक श्री सुदर्शन सिंह देओरा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Similar Post
-
राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना
जयपुर, शुक्रवार, 13 मार्च 2026। मौसम में बदलाव से राजस्थान के कु ...
-
राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का एसीएस ने किया निरीक्षण
जयपुर, गुरुवार, 12 मार्च 2026। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अ ...
-
विकसित राजस्थान रन 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
जयपुर, गुरुवार, 12 मार्च 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल ...
