बेंगलुरु हवाईअड्डे पर बम संबंधी टिप्पणी करने पर डीजे पकड़ा गया
बेंगलुरु, शनिवार, 14 मार्च 2026। बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान में सवार होने के लिए गेट पर देर से पहुंचने के कारण प्रवेश से रोके जाने पर एयरलाइन के कर्मचारियों से बहस के दौरान 'बम' का जिक्र करने वाले एक 'डिस्क जॉकी' (डीजे) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। श्रोताओं या दर्शकों के लिए रिकॉर्ड किया हुआ संगीत बजाने वाले व्यक्ति को डिस्क जॉकी कहते हैं। पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले का निवासी 40 वर्षीय आरोपी रजतेश बेरा 11 मार्च को इंडिगो की उड़ान से बेंगलुरु से रायपुर जाने वाला था। वह टर्मिनल-1 के गेट नंबर 16 पर सवार होने का समय निकलने के बाद पहुंचा, जिस पर कर्मचारियों ने उसे प्रवेश देने से मना कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया इसके बाद हुई बहस के दौरान बेरा ने कथित तौर पर कहा कि यदि विमान के अंदर बम हो तो उड़ान रुक जाएगी, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंता पैदा हो गई और उसे हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। एयरलाइन कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में बेरा ने बताया कि वह पिता की खराब तबीयत के कारण जल्दबाजी में विमान में सवार होने की कोशिश कर रहा था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया और जांच जारी है।
Similar Post
-
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कोलकाता में अवैध निर्माणों की सीबीआई जांच के आदेश दिए
कोलकाता, शुक्रवार, 11 सितंबर 2026। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कोल ...
-
बैंक हड़ताल से मप्र में 7,000 शाखाओं में काम ठप, 5,500 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर: संगठन
इंदौर, शुक्रवार, 11 सितंबर 2026। बैंकों में पांच दिवसीय कार्य स ...
-
एमसीडी सर्वेक्षण: दिल्ली में 1,355 में से सिर्फ तीन पीजी इमारत ‘असुरक्षित’
नई दिल्ली, शुक्रवार, 11 सितंबर 2026। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्व ...
