बस में आग, ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल बाल बचे
मलकानगिरि (ओडिशा), शनिवार, 21 मार्च 2026। भुवनेश्वर से नबरंगपुर जा रही एक बस में शनिवार तड़के पिछले टायर के फटने के बाद आग लग गई। इस घटना में ओडिशा के कांग्रेस विधायक मंगू खिला समेत 37 यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। विधायक खिला ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम के पास हुई। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, गनीमत रही कि उससे पहले सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने बताया कि विधायक समेत सभी यात्री सुरक्षित है, कोई चोटिल नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने बताया कि दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, हालांकि वाहन जलकर खाक हो गया। मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगू खिला ने बताया, “बस में आग उस समय लगी जब मैं व सभी यात्री नींद में थे। चालक की सूझबूझ से सभी की जान बच गई। उसने बस तुरंत रोकी, खिड़कियां खोलीं और यात्रियों को जगाया।” उन्होंने कहा, “एक बड़ी त्रासदी टल गई। मैं भुवनेश्वर के रसूलगढ़ बस स्टैंड से बस में सवार हुआ था और मलकानगिरि जा रहा था।” उन्होंने बताया कि बाद में दूसरी बस से सभी यात्रियों को मलकानगिरि भेजा गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Similar Post
-
उत्तराखंड: छात्रों के लिए ‘आपत्तिजनक भाषा’ के इस्तेमाल पर भाजपा अध्यक्ष से बिना शर्त माफी की मांग
देहरादून, रविवार, 26 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत ...
-
केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने त्रिशूर मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया
त्रिशूर (केरल), रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल उच्च न्यायालय के न्या ...
-
दानपेटी की राशि के गबन मामले में मंदिर के आठ अधिकारी और कर्मचारी निलंबित
कोयंबटूर (तमिलनाडु), रविवार, 26 जुलाई 2026। कोयंबटूर के अरुलमिग ...
