श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थगित की गई माता वैष्णो देवी यात्रा फिर शुरू

img

जम्मू, रविवार, 22 मार्च 2026। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी के गुफा मंदिर की यात्रा अस्थायी स्थगन के बाद रविवार को फिर से शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने शनिवार को भवन क्षेत्र में भारी भीड़ के मद्देनजर यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी। दोपहर बाद तक करीब 39,000 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जिसके चलते एहतियातन यह कदम उठाया गया। चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हुई है और 27 मार्च को समाप्त होगी। श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया, “भवन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गई थी, जिसे अब फिर से शुरू कर दिया गया है।” उन्होंने कहा कि कटरा में रविवार सुबह से यात्रा के लिए पंजीकरण भी दोबारा शुरू हो गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को 39,000 से अधिक श्रद्धालु कटरा पहुंचे और मंदिर में मत्था टेका।

पंजीकरण के बाद 5,000 से अधिक श्रद्धालु गुफा मंदिर की ओर रवाना हुए। पंजीकरण केंद्रों पर भी भारी भीड़ देखी गई। नवरात्र के तीसरे दिन ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु त्रिकुटा पहाड़ियों की घुमावदार रास्तों से होते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए। फूलों से सुसज्जित और रंग-बिरंगी रोशनी से आलोकित गुफा मंदिर का परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार है। प्रशासन ने कटरा आधार शिविर और मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए हैं ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू ढंग से संचालित हो सके। वहीं, चैत्र नवरात्रि 2026 की शुरुआत के साथ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन में ‘शत चंडी महायज्ञ’ भी बृहस्पतिवार को प्रारंभ हुआ।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement