दिल्ली में 85 लाख रुपये की लूट का संदिग्ध संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
नई दिल्ली, मंगलवार, 24 मार्च 2026। राष्ट्रीय राजधानी के शास्त्री पार्क इलाके में फरवरी में 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित आरोपी को मंगलवार को मध्य दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान उस्मानपुर निवासी अजय उर्फ कालिया (34) के तौर पर हुई है, जो पहले हत्या के एक मामले में भी संलिप्त पाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चार से पांच अपराधियों के एक छोटे गिरोह का कथित रूप से सरगना है और वह लूट के इस मामले का मुख्य षड्यंत्रकारी है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने एमजी रोड पर रोज़ गार्डन सर्विस रोड के पास जाल बिछाया, जहां आरोपी को अपने साथियों से मिलने और संभवत: अन्य अपराध को अंजाम देने के लिए आना था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देर रात 12 बजकर करीब 22 मिनट पर वह एक स्कूटर पर आता हुआ दिखा, जिसके बाद उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन रुकने के बजाय उसने भागने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस ने उसे घेर लिया। उन्होंने कहा कि खुद को घिरा पाकर आरोपी ने स्कूटर छोड़ दी और पुलिस पर गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि एक गोली एक निरीक्षक की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया और पकड़ लिया गया। अधिकारी के मुताबिक, उसे जख्मी हालत में लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक अवैध पिस्तौल, कारतूस, कारतूस के खाली खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि उसके पास से बरामद स्कूटर चोरी की है, जिसे मालवीय नगर से चुराया गया था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि अजय आदतन अपराधी है, जो दिल्ली और उत्तर प्रदेश में लूट, हत्या, चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कई मामलों में शामिल है। अधिकारी ने बताया कि आईपी एस्टेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है और उसके साथियों का पता लगाने और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।
Similar Post
-
रबी की फसलों के एमएसपी में बढ़ोत्तरी ऊंट के मुंह में जीरे के समान : भूपेंद्र हुड्डा
चंडीगड़, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प ...
-
प्रदेश में 91 लाख से अधिक जरूरतमंदों को मिल रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन : भजनलाल शर्मा
जयपुर, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने क ...
-
सेवा ही संकल्प, स्वच्छता ही संस्कार : प्रेमचन्द बैरवा
जयपुर, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के पावन अवसर पर प् ...
