पंजाब पुलिस अधिकारी की मौत की जांच करने में सक्षम है: भगवंत मान
चंडीगढ़, मंगलवार, 24 मार्च 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि राज्य पुलिस अमृतसर में एक अधिकारी की कथित आत्महत्या की जांच करने में सक्षम है। मान ने साथ ही इस बात पर जोर भी दिया कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। मान ने यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब विपक्षी दल अमृतसर में पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग कर रहे हैं।
रंधावा ने कथित तौर पर शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। रंधावा ने पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम जांच करेंगे… जांच उचित तरीके से की जाएगी। पंजाब पुलिस जांच करने में सक्षम है।’’ उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव स्तर की एक समिति इस घटना की जांच करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मान ने कहा कि यदि किसी अन्य साजिशकर्ता की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भुल्लर राज्य मंत्रिमंडल से पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मान ने कहा, ‘‘हम किसी को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। मेरे लिए पंजाब एक परिवार है।’’ अमृतसर पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत एक मामला दर्ज किया था।
Similar Post
-
दिल्ली में सांसदों के साथ बैठक 'बड़ी सफलता' : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के ...
-
पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी : महबूबा
श्रीनगर, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर संजय राउत का तंज, मोदी सरकार के नए विधेयक को बताया महज एक राजनीतिक मायाजाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन ...
