एस्टरहाइजन की ताबड़तोड़ पारी से दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को टी20 श्रृंखला में हराया

img

क्राइस्टचर्च, बुधवार, 25 मार्च 2026। कॉनर एस्टरहाइजन के 33 गेंदों पर करियर के सर्वश्रेष्ठ 75 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को यहां खेले गए पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला 3-2 से अपने नाम कर ली। एस्टरहाइजन का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने पिछले मैच में 57 रन की पारी खेलकर करियर का पहला पचासा जड़ा था। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 187 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम इसके जवाब में आठ विकेट पर 154 रन ही बना सकी।

एस्टरहाइजन जब क्रीज पर आए थे, तब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 11वें ओवर में दो विकेट पर 76 रन था। पिछले मैच में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज को इस मुकाबले में रूबिन हरमन (31 गेंदों में 39 रन) के बाद चौथे क्रम पर भेजा गया। दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए थे, लेकिन 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 76 रन ही था। टीम ने आखिरी 10 ओवर में 111 रन जोड़े, जिसमें एस्टरहाइजन और डियान फॉरेस्टर (13 गेंदों में नाबाद 21) ने चौथे विकेट के लिए महज 27 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की।

दाएं हाथ के 24 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी में पांच चौके और छह छक्के जड़े। उन्हें 49 रन के स्कोर पर जैक फोक्स की गेंद पर बेवोन जैकब ने कैच टपकाकर जीवनदान दिया। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी में 47 डॉट गेंदें खेलीं, लेकिन टीम ने इसकी भरपाई 15 चौकों और 10 छक्कों से की। शानदार गेंदबाजी और कमाल के क्षेत्ररक्षण के सामने लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम दबाव में आ गई।

तेज गेंदबाज जेराल्ड कोएट्जी ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि ओटनील बार्टमैन ने अच्छी विविधता का इस्तेमाल करते हुए 33 रन देकर दो विकेट चटकाए। स्पिनर प्रेनेलन सुब्रायन ने चार ओवर में महज 22 रन दिए और कप्तान केशव महाराज ने भी बल्लेबाजों को कड़ी परीक्षा में डाला। पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 46 रन था और 10 ओवर के बाद तीन विकेट पर 65 रन ही था। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब्स ने 19 गेंदों पर 36 रन बनाकर सबसे अधिक योगदान दिया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement