फिल्म 'धुरंधर' ने मुझे प्रसिद्धि दिलाई : अभिनेता बिमल ओबेरॉय
तीन दशकों तक संघर्ष, असफलताओं और खुद पर लगातार मेहनत करने के बाद आखिरकार बिमल ओबेरॉय के हिस्से वह पल आया है, जिसका हर कलाकार इंतजार करता है। अभिनेता-निर्माता-लेखक ओबेरॉय को फिल्म 'धुरंधर' में बलोच नेता शिरानी के प्रभावशाली किरदार ने एक झटके में सुर्खियों में ला दिया है। बिमल ओबेरॉय ने दो कड़ियों में बनी आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर' में भले ही छोटा, लेकिन बेहद अहम किरदार निभाया। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई पहली कड़ी के बाद 19 मार्च को इसका दूसरा भाग सिनेमाघरों में आया और देखते ही देखते वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर डाली।
दिल्ली में जन्मे 54 वर्षीय अभिनेता ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "फिल्म 'धुरंधर' ने मेरे और अन्य कलाकारों के लिए वही किया है जिसके लिए हर कोई यहां (बॉलीवुड) आता है, पहचान।" ओबेरॉय इससे पहले 'टाइगर 3', 'मुखबिर: द स्टोरी ऑफ अ स्पाइ' जैसी फिल्मों में सहायक भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं। अभिनेता ने फिल्म में अपने किरदार को "बेहतरीन" तरीके से लिखने और "पेश" करने का श्रेय आदित्य धर को दिया। ओबेरॉय ने मजाकिया लहजे में कहा, "मेरे हिस्से में कुल सात-आठ सीन आए। सबसे लंबा संवाद रणवीर के साथ था, जब हम पहले भाग में बच्चों को लेकर बात करते हैं। बाकी तो बस एक-एक शब्द वाले डायलॉग ही थे—'हो जाएगा', 'कर देंगे'—यानी पलक झपकते निकल जाने वाले छोटे-छोटे संवाद।''
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में हर किरदार को अपनी ''छाप छोड़ने के लिए'' भरपूर अवसर मिला, जिसने कहानी को और असरदार बना दिया। ओबेरॉय ने प्रसिद्ध भारतीय गायक दलेर मेहंदी के गाने 'हो जाएगी बल्ले-बल्ले' से मनोरंजन जगत में कदम रखा। अभिनेता ने कहा, "मैं कुछ समय उनके (दलेर मेहंदी) ससुराल में रहा और उन्होंने मुझे हर महीने की पहली तारीख पर 10-10 हजार रुपये के 12 चेक दिए थे। मैं उनका बहुत आभारी हूं। आज भी उनसे मेरा संपर्क बना हुआ है। 'धुरंधर' की सफलता से वह बेहद खुश थे और उन्होंने कहा कि वह अपने सोशल मीडिया पर यह लिखेंगे कि उनके म्यूजिक वीडियो में मैं मॉडल था।"
ओबेरॉय ने कहा कि 1996 में मुंबई आने के बाद उन्होंने अभिनय कार्यशालाओं में हिस्सा लिया और रंगमंच किया, जिसके बाद उन्हें 'दरार' धारावाहि के लिए चुना गया। हालांकि, समय के साथ उन्होंने लेखन, निर्माण, विज्ञापन फिल्मों और संगीत वीडियो के क्षेत्र में हाथ आजमाया। उन्होंने 'तुम बिन', 'सिंह इज किंग' जैसी फिल्मों में कार्यकारी निर्माता और 'बी हैप्पी' में सहयोगी निर्माता के रूप में काम किया। अभिनेता के अनुसार, 17-18 साल अभिनय से दूर रहने के बाद 2018 में फिल्म 'पानीपत' के जरिए उन्होंने वापसी की। फिल्म 'धुरंधर' में उनके अभिनय से प्रभावित होकर निर्देशक प्रशांत नील ने उन्हें जूनियर एनटीआर के साथ 'ड्रैगन' फिल्म में लिया है साथ ही वह डेविड धवन की फिल्म में भी काम कर रहे हैं।
Similar Post
-
ऋतिक रोशन ने 'रामायण' से जुड़े वीएफएक्स को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण' मे ...
-
फिल्म 'धुरंधर' ने मुझे प्रसिद्धि दिलाई : अभिनेता बिमल ओबेरॉय
तीन दशकों तक संघर्ष, असफलताओं और खुद पर लगातार मेहनत करने के बाद आखि ...
-
राजकुमार राव के प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'टोस्टर' का ट्रेलर आउट
अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा और राजकुमार राव की आगामी फिल्म 'टोस्ट ...
