छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत
अंबिकापुर (छत्तीसगढ़), सोमवार, 06 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक दंपति और उनके बेटे सहित छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सकलो जंगल के पास एक ट्रक और कार के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में कार सवार एक दंपति और उनके 25 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कैलाश राम (52), उनकी पत्नी मणिमति (50) और उनके बेटे राहुल टोप्पो (25) के रूप में हुई है। यह सभी पड़ोसी बलरामपुर जिले के डुप्पीचौरा गांव के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि घायल वाहन चालक सोनू केरकेट्टा को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार अंबिकापुर से अपने गांव लौट रहा था तब प्रतापपुर से अंबिकापुर की ओर आ रहे एक ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
उन्होंने बताया कि रविवार शाम को हुई एक अन्य घटना में जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भित्तिकला गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक तेज रफ्तार एसयूवी ने महिलाओं को कुचल दिया। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हुई है तथा एक अन्य महिला घायल हुई है। अधिकारियों ने बताया कि महिलाएं जब साप्ताहिक बाजार से सब्जियां खरीदकर घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित हो गई और उन्हें टक्कर मार दी। बाद में यह एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान रामबाई (50), मुन्नी बाई (40) और श्यामपति (35) के रूप में हुई है। यह सभी जोगीबांध गांव की रहने वाली थीं।
उन्होंने बताया कि एक अन्य महिला आयुषी घायल हो गई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालक सोनू राजवाड़े को पकड़ लिया और उसे कथित तौर पर पीटा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे इलाज के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा शवों को राजमार्ग पर रखकर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात अवरुद्ध रखा, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दोनों घटनाओं में मामले दर्ज कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।
Similar Post
-
ईद-उल-अजहा के अवसर पर 28 मई को दिल्ली में केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रहेंगे
नई दिल्ली, शुक्रवार, 22 मई 2026। ईद-उल-अजहा के उपलक्ष्य में दिल्ल ...
-
पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं के लिए एक जून से मुफ्त यात्रा की अधिसूचना जारी की
कोलकाता, शुक्रवार, 22 मई 2026। पश्चिम बंगाल सरकार ने एक जून से रा ...
-
दिल्ली सरकार ने जल शुल्क कम करने के लिए डीजेबी की सरल नीति को मंजूरी दी
नई दिल्ली, शुक्रवार, 22 मई 2026। दिल्ली सरकार ने संपत्तियों पर ज ...
