सुनेत्रा पवार ने 23 अप्रैल को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया

img

पुणे, सोमवार, 06 अप्रैल 2026। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता सुनेत्रा पवार ने 23 अप्रैल को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने पार्टी सहयोगियों सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और हसन मुशरिफ के साथ-साथ शिवसेना प्रमुख व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्य के मंत्री व भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किए। राकांपा, भाजपा और शिवसेना सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति का हिस्सा हैं। नामांकन दाखिल करने से पहले सुनेत्रा पवार ने बारामती की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें उसी तरह समर्थन दें, जैसे उन्होंने हमेशा उनके दिवंगत पति अजित पवार को दिया।

उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद बारामती में यह उपचुनाव कराया जा रहा है सुनेत्रा पवार ने कहा कि वह विकास की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अजित पवार के निधन को न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए "बड़ा नुकसान" बताया और कहा, "हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसा उपचुनाव होगा। बारामती का हर हिस्सा अजित दादा की छाप लिए हुए है। अपने दुख के बावजूद मैंने जनता के बीच आने का फैसला किया है।"

उन्होंने कहा, "आपने हमेशा अपने अजित दादा को रिकॉर्ड मतों से जिताया है। यह पहला चुनाव है जिसमें वह हमारे बीच नहीं हैं। मुझे विश्वास है कि आप मुझे भी वही प्यार और समर्थन देंगे।" सुनेत्रा पवार ने भरोसा दिलाया कि बारामती का विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखा जाएगा। उन्होंने कहा, "बारामती के भविष्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। किसानों को खेतों के लिए पानी मिलता रहेगा और हम शहर को खासकर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।" कांग्रेस ने इस उपचुनाव के लिए अपने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है। मतगणना चार मई को होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement