असम विधानसभा चुनाव : अपराह्न एक बजे तक करीब 60 प्रतिशत मतदान

img

गुवाहाटी, गुरुवार, 09 अप्रैल 2026। असम विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के बीच अपराह्न एक बजे तक 59.63 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है। अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शुरुआती छह घंटे में राज्य के 2.5 करोड़ मतदाताओं में से 59.63 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न एक बजे तक ग्वालपाड़ा जिले के दुधनोई में सबसे अधिक 66.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि डिब्रूगढ़ में सबसे कम 50.85 प्रतिशत मतदान हुआ।

इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। लुकबाड़ी सीट से दोबारा चुनाव मैदान में उतरे मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कामरूप (मेट्रो) जिले के गराल बुनियादी एलपी स्कूल में अपनी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा, बेटे नंदिल और बेटी सुकन्या के साथ मतदान किया। मतदान से पहले उन्होंने परिवार सहित नीलांचल पहाड़ियों पर स्थित कामाख्या मंदिर और उत्तर गुवाहाटी के डौल गोविंदा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

उधर, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने अपनी मां डॉली गोगोई के साथ जोरहाट के डीसीबी एलपी स्कूल में वोट डाला। अब तक वोट डालने वाले अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में नाजिरा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, जोरहाट में केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, खोवांग में असम गण परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई और शिवसागर में रायजोर दल प्रमुख अखिल गोगोई शामिल हैं। राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। मतगणना चार मई होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement