पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने 'आप' सांसद के खिलाफ ईडी की छापेमारी की निंदा की, भाजपा ने किया पलटवार

img

चंडीगढ़, बुधवार, 15 अप्रैल 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने इस राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी ''तैयारियां'' शुरू कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नेताओं ने मान पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि आप ''चोरों और लुटेरों'' की पार्टी है। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत जांच के सिलसिले में पंजाब में मित्तल से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तलाशी ली। हाल ही में मित्तल को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है। उन्होंने सांसद राघव चड्ढा का स्थान लिया है। वह फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलपति भी हैं।

छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, मान ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। 'आप' के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के घर और विश्वविद्यालय पर ईडी की छापेमारी... यह मोदी का विशिष्ट अंदाज है।'' इसी पोस्ट में एक प्रसिद्ध दोहे को उद्धृत करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, ''हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों को कह दो, अपनी औकात में रहें।'' पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मुख्यमंत्री मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी ''चोरों और लुटेरों'' की पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'स्वच्छ भारत' अभियान के तहत ''गंदगी'' को साफ किया जाएगा।

बिट्टू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भगवंत मान, आपकी पार्टी चोरों और लुटेरों की है। पंजाब के लोग राज्य के मंत्रियों के खिलाफ मामले दर्ज करा रहे हैं और जांच एजेंसियां आपके भ्रष्ट सांसदों को पकड़ रही हैं। मोदी जी की नीति 'स्वच्छ भारत' है; इसके तहत गंदगी जरूर साफ होगी।'' भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी मान की टिप्पणियों पर उन्हें आड़े हाथों लिया और कहा कि यदि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो केंद्र को कदम उठाना पड़ेगा।

जाखड़ ने 'एक्स' पर कहा, ''मुख्यमंत्री भगवंत मान जी, कौन अपने दही को खट्टा कहता है। आपके विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के काम हर दिन सामने आ रहे हैं। अगर आपकी सरकार कार्रवाई नहीं करती, तो भारत सरकार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाना ही पड़ेगा।'' आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मंत्रियों और विधायकों ने मान की पोस्ट को टैग करते हुए सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ ईडी की छापेमारी की निंदा की और केंद्र पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर पंजाब में आगामी चुनाव की ''तैयारी'' शुरू कर दी है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ''मोदी जी ने पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन पंजाब के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे… वे भाजपा को करारा जवाब देंगे।'' पंजाब के कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने कहा, ''ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग भाजपा की चुनावी रणनीति का सबसे अहम हथियार है। राज्यसभा के नव-नियुक्त उपनेता अशोक मित्तल पर ईडी की कार्रवाई राजनीतिक विरोधियों से निपटने का भाजपा का तरीका है। इन एजेंसियों को दबाव के औजार में बदलना लोकतंत्र को कमजोर करता है।''

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, ''एजेंसियों का असंवैधानिक दुरुपयोग आम आदमी पार्टी के खिलाफ भाजपा की सामान्य रणनीति बन गया है। ईडी को अब हमारे राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के पीछे लगाया गया है। पहले की छापेमारियों में न कोई सबूत मिला, न कोई मामला, सिर्फ दबाव की राजनीति हुई। अगर कुछ है, तो मोदी को अब तक समझ जाना चाहिए था कि हम पीछे नहीं हटेंगे। सच की जीत होगी।'' कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा अच्छे शासन के मुद्दे पर चुनाव नहीं लड़ सकती, इसलिए वह ईडी के पीछे ''छिपती'' है। उन्होंने कहा, ''अब भाजपा हमारे राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल को निशाना बना रही है। भाजपा की बौखलाहट साफ दिख रही है… लगता है कि उसने चुनाव से एक साल पहले ही हार मान ली है।''
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement