भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही बिहार में अपराधियों की मौज : तेजस्वी यादव
पटना, सोमवार, 20 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में एक आभूषण की दुकान में हुई लूट की घटना को लेकर सोमवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज आ गई है।
तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज। अब नए-नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पहले उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।"
उल्लेखनीय है कि पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में स्थित एक आभूषण की दुकान में रविवार को करीब 20 लाख रुपये के गहनों की लूट हुई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहा है कि अपराधी बिना किसी डर के दुकान के अंदर घुसते हैं, तेजी से काउंटर तक पहुंचते हैं और गहनों को बैग में भर लेते हैं। कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर वे फरार हो जाते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं।
Similar Post
-
दिल्ली में सांसदों के साथ बैठक 'बड़ी सफलता' : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के ...
-
पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी : महबूबा
श्रीनगर, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर संजय राउत का तंज, मोदी सरकार के नए विधेयक को बताया महज एक राजनीतिक मायाजाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन ...
