भाजपा सिर्फ जनता को असुविधा पहुंचाने का काम करती है: कांग्रेस सांसद
मुंबई, बुधवार, 22 अप्रैल 2026। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता को असुविधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में मुंबई में प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर मंत्री गिरीश महाजन से एक महिला की कहासुनी का हवाला दिया। गायकवाड़ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर मंगलवार को कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर आयोजित भाजपा के कार्यक्रम के कारण सड़क अवरुद्ध होने की वजह से अपने बच्चे को लेने जा रही एक महिला को घंटों इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुंबई में एक आम महिला ने भाजपा के मंत्रियों और कार्यकर्ताओं का सामना किया तथा उनसे उस जगह से जाने को कहा। उन्होंने इसे ''वास्तविक महिला शक्ति'' का उदाहरण करार दिया।
कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष गायकवाड़ ने दावा किया कि लोग अब भाजपा के ''खोखले वादों'' से सहमत नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग सार्वजनिक मुद्दों को हल नहीं कर सकते, वे केवल यातायात अवरुद्ध करते हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि महिला की प्रतिक्रिया मुंबई के लोगों के गुस्से को दर्शाती है। मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार को महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित हो जाने से नाराज एक महिला ने मंत्री महाजन को खरी खोटी सुनाई तथा उन्हें यातायात अवरुद्ध करने के लिए जिम्मेदार ठहराया। घटना का एक वीडियो ऑनलाइन प्रसारित हुआ और कुछ और भी लोगों ने भाजपा की विरोध की रणनीति की आलोचना की। वीडियो में महिला को नाराज होते देखा जा सकता है। वह कह रही है, ''यहां से चले जाओ। आप यातायात अवरुद्ध कर रहे हो।''
महिला ने पूछा कि वाहनों की आवाजाही बाधित करने के बजाय रैली पास के किसी खुले मैदान में क्यूं नहीं की जा सकती। गायकवाड़ ने इस घटना को लेकर सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ''यह महिला डटी रही। आम जनता अब भाजपा की 'इवेंटबाजी' के बारे में जान चुकी है। भाजपा द्वारा महिला आरक्षण के नाम पर सड़क अवरुद्ध करने के कारण एक महिला को अपने बच्चे को लेने जाते समय घंटों इंतजार करना पड़ा।'' गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा ''पाखंडी'' है। उन्होंने दावा किया कि जहां वह महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं वह राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए नागरिकों को असुविधा पहुंचाती है।
Similar Post
-
कॉजपा के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और वकीलों पर पुलिस कार्रवाई की एससीबीए ने निंदा की
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन ( ...
-
जौहर विश्वविद्यालय की इमारतें ध्वस्त करने का आदेश 'विवेकहीन फैसला' : थरूर
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने उत्त ...
-
राहुल गांधी की हिरासत लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला : गोवा कांग्रेस
पणजी, बुधवार, 22 जुलाई 2026। गोवा में कांग्रेस नेताओं ने बुधवार ...
