बिहार : तेजस्वी ने राज्य सरकार पर लगाया वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप
पटना, बुधवार, 22 अप्रैल 2026। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि वित्तीय संकट से जूझ रही सरकार ने हाल के दिनों में दूसरी बार निधि निकासी एवं व्यय नियंत्रण से संबंधित पत्र जारी किया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष यादव ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव से पहले अंतिम 30 दिनों में 41,000 करोड़ रुपये का वितरण किया, जिसके कारण अब सामाजिक पेंशन, छात्र क्रेडिट कार्ड योजना, छात्रवृत्ति तथा कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन भुगतान के लिए धनराशि की कमी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अब कर्ज के सहारे चल रही है और प्रतिदिन 100 करोड़ रुपये से अधिक रकम ब्याज भुगतान पर खर्च कर रही है। यादव ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार पर लगभग चार लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बोझ डाल दिया है।
यादव ने कहा कि राज्य में विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं और सरकार के पास न तो कोई दृष्टि है और न ही कोई स्पष्ट कार्ययोजना। उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकार 92,132 करोड़ रुपये के व्यय का स्पष्ट विवरण नहीं दे सकी है, साथ ही 90 हजार करोड़ रुपये के खर्च का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी जमा नहीं किया गया है। राजद नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार के कारण वित्तीय स्थिति बिगड़ी है और सरकारी खजाना खाली हो चुका है। इन आरोपों पर राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Similar Post
-
नासिक कुंभ मेला: श्रद्धालुओं को उपयोगी जानकारी, आपातकालीन सहायता देने के लिए नि:शुल्क ऐप विकसित
मुंबई, मंगलवार, 09 जून 2026। महाराष्ट्र में होने वाले 'नासिक-त् ...
-
बिहार के मुख्यमंत्री 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं : तेजस्वी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी ...
-
बिहार में उद्योग लगाने की प्रक्रिया हुई आसान, 30 दिन में स्वीकृति नहीं मिलने पर मिलेगा ‘डीम्ड क्लीयरेंस’ : सम्राट चौधरी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। बिहार सरकार ने राज्य में निवेश और औद् ...
