मैं और सिद्धरमैया नेतृत्व मुद्दे पर आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे : शिवकुमार

img

बेंगलुरु, रविवार, 26 अप्रैल 2026। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को कहा कि वह और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया राज्य में नेतृत्व के मुद्दे पर कांग्रेस आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने दिल्ली से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और वह उचित समय पर उचित निर्णय लेगा। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पार्टी और राजनीतिक गलियारों में चार मई के बाद संभावित नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। चार मई को ही चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे तथा कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणाम घोषित होंगे।

दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस आलाकमान से हुई चर्चाओं के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, ''मैं मीडिया के सामने राजनीतिक मुद्दों पर बात नहीं करूंगा। मैं पहले ही कह चुका हूं कि समय आने पर आपको पता चल जाएगा। इसलिए मैं अभी कुछ नहीं बताऊंगा।'' उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर कोई समस्या नहीं है और जो पहले से तय हुआ है, वही होगा। आंतरिक मतभेदों को लेकर वरिष्ठ मंत्री सतीश जारकीहोली के कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, ''ऐसी कोई बात नहीं है। उन्हें (आलाकमान को) उचित समय पर जो करना होगा, करेंगे।''

सरकार के तीन साल पूरे होने और नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर शिवकुमार ने कहा, ''मैंने इस मुद्दे पर कभी चर्चा नहीं की। मुख्यमंत्री और मैंने, दोनों ने कहा है कि आलाकमान जब भी और जो भी निर्णय करेगा, हम उसे स्वीकार करेंगे और उसका पालन करेंगे।" उन्होंने 15 मई को अपने जन्मदिन पर किसी ''अच्छी खबर'' की संभावना के सवाल पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अनुसूचित जातियों के लिए आंतरिक आरक्षण के कांग्रेस सरकार के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए इस मुद्दे पर कुछ नहीं कर सकी, लेकिन कांग्रेस ने अपना वादा निभाया है।

उन्होंने कहा, ''हमने समाधान निकाला है और अनुसूचित जातियों के सभी वर्गों को न्याय देने का प्रयास किया है। हमने वादा पूरा किया है और सभी को साथ चलना चाहिए।'' शिवकुमार ने 15 मई को अपने जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को फ्लेक्स बैनर लगाने को लेकर भी आगाह किया। उन्होंने कहा, ''पंद्रह मई के लिए मैं सभी को कहना चाहता हूं कि कोई भी मेरे जन्मदिन पर फ्लेक्स बैनर या विज्ञापन न लगाए। यदि फ्लेक्स लगाए गए तो मैं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ, चाहे वे पार्टी कार्यकर्ता हों या समर्थक, अधिकारियों से मामला दर्ज करवाऊंगा। सड़कों पर ऐसी चीजें कोई न लगाए, यह मेरा व्यक्तिगत अनुरोध है।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement