रंगासामी पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री चुने जा सकते हैं, कांग्रेस ने एक सीट जीती

img

पुडुचेरी, मंगलवार, 05 मई 2026। शांत और मृदुभाषी एन रंगासामी पांचवीं बार पुडुचेरी का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी पार्टी, एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राजग ने नौ अप्रैल को केंद्र शासित प्रदेश में हुए चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। एआईएनआरसी ने 16 सीट में से 12 पर जीत दर्ज की और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिन 10 सीट पर चुनाव लड़ा उनमें से चार पर जीत हासिल की है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य घटक दल, ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और लाचिया जननायगा काची (एलजेके) ने एक-एक सीट पर सफलता हासिल की। गठबंधन के पास 30 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीट हैं जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक जादुई संख्या 16 से दो अधिक है।

इसके अलावा, तीन मनोनीत सदस्य होंगे। रंगासामी पहले कांग्रेस से (2001, 2006 में) मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2008 में उन्होंने राष्ट्रीय पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई। उन्होंने 2011 में तमिलनाडु की तत्कालीन मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक की सुप्रीमो जे जयललिता के साथ गठबंधन किया और चुनाव जीता, हालांकि बाद में दोनों नेताओं के बीच संबंध खराब हो गए। सोमवार को, चुनाव परिणाम आने शुरू हुए तो यह स्पष्ट हो गया कि केंद्र शासित प्रदेश ने इस शांत एवं अनुभवी नेता को पुडुचेरी का नेतृत्व फिर से सौंपने के लिए अपनी सहमति दे दी है।

दूसरी ओर, 'इंडिया' गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) ने छह सीट जीती हैं। गठबंधन के दलों द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को पांच और कांग्रेस को एक सीट मिली है। मौजूदा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री वी वैथिलिंगम समेत इसके अधिकतर उम्मीदवार चुनाव हार गए। वैथिलिंगम को उनके गढ़ थट्टनचावडी में रंगासामी ने हराया। नवगठित राजनीतिक दल तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने दो सीट जीतीं, जबकि पार्टी समर्थित मक्कल नेया कषगम ने एक सीट हासिल की। ​​नेदुनकाडु सुरक्षित क्षेत्र, कदीरकमम और माहे क्षेत्र से तीन निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए हैं। निवर्तमान मंत्रिमंडल की तरह ही नवगठित राजग सरकार भी रंगासामी के नेतृत्व में बनने की संभावना है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement