नीट प्रश्नपत्र लीक : आरोपी शुभम खैरनार को दो दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया
मुंबई, मंगलवार, 13 मई 2026। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित एक अदालत ने बुधवार को नीट प्रश्न पत्र लीक मामले में नासिक से गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की दो दिन की 'ट्रांजिट रिमांड' में भेज दिया। केंद्रीय एजेंसी ने मंगलवार देर रात नासिक जिले के नंदगांव निवासी शुभम खैरनार (30) को हिरासत में लिया था। सीबीआई ने शुभम को यहां एक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी देने का अनुरोध किया ताकि उसे आगे की जांच के लिए दिल्ली ले जाया जा सके। केंद्रीय जांच एजेंसी ने अदालत में दलील दी कि अन्य राज्यों में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता है और इसलिए खैरनार को हिरासत में लेकर पूछताछ की आवश्यकता है। अदालत ने सीबीआई की दलील को स्वीकार करते हुए खैरनार को दो दिन के लिए उसकी 'ट्रांजिट रिमांड' में भेजने का आदेश दिया। माना जा रहा है कि एजेंसी खैरनार को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाएगी।
राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर नासिक पुलिस की अपराध शाखा इकाई-2 ने मंगलवार को खैरनार को हिरासत में लिया था। उसे नासिक के इंदिरा नगर इलाके से पकड़ा गया था। राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी। इसके प्रश्न पत्र के लीक होने की खबरों के बाद राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू की। एनटीए ने मंगलवार को नीट-यूजी 2026 को रद्द करने की घोषणा की और कहा कि परीक्षा बाद में घोषित की जाने वाली तिथियों पर पुनः आयोजित की जाएगी।
Similar Post
-
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में पुराना मोर्टार निष्क्रिय किया गया
ईटानगर, शनिवार, 13 जून 2026। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भा ...
-
असम में एएन-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत
नई दिल्ली, शनिवार, 13 जून 2026। असम के जोरहाट में रूसी मूल के एएन-3 ...
-
मोदी फ्रांस, स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना, वैश्विक नेताओं से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, शनिवार, 13 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक् ...
