महिला आयोग 'शक्ति संवाद' का चौथा संस्करण श्रीनगर में आयोजित करेगा
नई दिल्ली, शनिवार, 16 मई 2026। राष्ट्रीय महिला आयोग अपने प्रमुख परामर्श कार्यक्रम 'शक्ति संवाद' का चौथा संस्करण 16 और 17 मई को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित करने जा रहा है जिसमें देशभर के राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, सशक्तीकरण और संस्थागत समन्वय पर विचार-विमर्श करेंगे। शनिवार को जारी एक बयान में आयोग ने बताया कि इस दो-दिवसीय परामर्श कार्यक्रम का उद्देश्य आयोग और राज्य महिला आयोगों के बीच सहयोग को मजबूत करना है, साथ ही महिला कल्याण, शिकायत निवारण और कानूनी जागरूकता के लिए समन्वित प्रयासों को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन सत्र को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह संबोधित करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी सभा को संबोधित करेंगी। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, कानूनी विशेषज्ञ, कानून प्रवर्तन प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और राज्य महिला आयोगों के सदस्य भाग ले रहे हैं।
परामर्श में राज्यों की प्रगति की समीक्षा, महिला अधिकारों के नजरिए से राज्य कानूनों का मूल्यांकन, महिलाओं से संबंधित उच्चतम न्यायालय तथा उच्च न्यायालय के हालिया फैसले तथा नयी श्रम संहिताओं में महिलाओं के लिए सुरक्षा उपायों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। आयोग ने कहा, ''इन चर्चाओं का उद्देश्य नीतिगत समन्वय को मजबूत करना, शिकायत निवारण तंत्र को बेहतर बनाना, कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना और महिला-केंद्रित कानूनों व कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।''
'शक्ति संवाद' आयोग की एक प्रमुख परामर्श पहल है, जो राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोगों के बीच निरंतर संवाद एवं घनिष्ठ समन्वय को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है। आयोग ने कहा कि श्रीनगर में यह आयोजन सहभागी नीति-निर्माण और महिला कल्याण के लिए संस्थाओं को सुदृढ़ करने की राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसने कहा कि यह जम्मू-कश्मीर में संस्थाओं और हितधारकों की बढ़ती भागीदारी को भी रेखांकित करता है।
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
