'लुटेरी दुल्हन' में पूजा गौर बनीं निडर इंस्पेक्टर

img

टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी अभिनेत्रा पूजा गौर जल्द ही वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' में नजर आएंगी। इसमें वह सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव के किरदार में दिखेंगी। इस सीरीज की कहानी रहस्य, क्राइम और समाज की सोच के ईद-गिर्द घूमती नजर आएगी। सीरीज में पूजा गौर का किरदार एक निडर और मजबूत पुलिस अधिकारी का है, जिसे मध्य प्रदेश में हो रही अजीब और रहस्यमयी घटनाओं की जांच की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। कहानी उन मामलों के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां दुल्हनें शादी के बाद अपने दूल्हों को लूटकर अचानक गायब हो जाती हैं।

इन घटनाओं के चलते इलाके में डर का माहौल है। ऐसे में संध्या यादव इस रहस्य की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करती नजर आएंगी। अपने किरदार को लेकर बात करते हुए पूजा गौर ने कहा, ''मुझे इस कहानी की सबसे खास बात इसकी भावनात्मक गहराई लगी। संध्या एक मजबूत पुलिस अफसर है, लेकिन वह अंदर से कई भावनात्मक संघर्षों से भी गुजर रही होती है। संध्या बाहर से निडर और सख्त दिखाई देती है, लेकिन भीतर ही भीतर वह समाज के फैसलों, उम्मीदों और खुद को साबित करने के दबाव से लड़ रही होती है।'' अभिनेत्री ने कहा, ''मुझे संध्या का किरदार इसलिए पसंद आया, क्योंकि वह सिर्फ एक केस सुलझाने की कोशिश नहीं करती, बल्कि वह अपनी पहचान के लिए भी लड़ रही है। समाज अक्सर महिलाओं को सीमित नजरिए से देखता है, लेकिन संध्या उन सोचों को चुनौती देती है।''

पूजा गौर ने बताया, ''सीरीज में संध्या और माया के बीच का रिश्ता कहानी को और ज्यादा दिलचस्प बनाता है। दोनों किरदार कानून के अलग-अलग पक्षों में खड़े हैं, लेकिन दोनों की जिंदगी पर समाज और पितृसत्तात्मक सोच का असर पड़ा है। यही भावनात्मक टकराव इस कहानी को अलग बनाता है।'' पूजा ने कहा, ''एक कलाकार के रूप में मेरे लिए ऐसा किरदार निभाना बेहद खास अनुभव रहा। संध्या महत्वाकांक्षी भी है, भावुक भी है और कई बार जिद्दी भी हो जाती है। इसके साथ ही वह दूसरों की भावनाओं को समझने वाली इंसान भी है। यही अलग-अलग भावनाएं इस किरदार को ज्यादा वास्तविक बनाती हैं।''

वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' का निर्देशन ग्लेन बैरेटो और अंकुश मोहला ने किया है। सीरीज में पूजा गोर के अलावा संविका, मनमोहन तिवारी और राजीव पांडे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज का ट्रेलर भी हाल ही में सोशल मीडिया पर जारी किया गया। पूजा गौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, "हर गायब दुल्हन के पीछे एक नया झूठ छिपा है, और मैं उस सच के बेहद करीब पहुंच चुकी हूं।" 'लुटेरी दुल्हन' 19 मई को हंगामा ओटीटी पर रिलीज होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement